News Saga Desk
हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र स्थित खूनी घाटी के नाम से चर्चित दनुआ घाटी में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। रविवार दोपहर हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार खुद घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों से दुर्घटनाओं के कारणों की विस्तृत जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने जिला परिवहन पदाधिकारी और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों के साथ मिलकर दनुआ घाटी क्षेत्र का संयुक्त निरीक्षण किया।
सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए प्रशासन की ओर से दिए गए प्रमुख निर्देश
- अवैध कट (Illegal cuts) को तत्काल बंद किया जाए
- एडवांस साइन बोर्ड लगाए जाएं
- स्पीड लिमिट बोर्ड की व्यवस्था सुनिश्चित हो
- सभी वैध कट पर लाइनमैन की तैनाती की जाए
- बॉटलनेक (Bottle neck) क्षेत्रों को दुरुस्त किया जाए
- आवश्यक स्थानों पर स्पीड ब्रेकर लगाए जाएं
- निर्माणाधीन क्षेत्रों में दिन में दो बार पानी का छिड़काव किया जाए
- NHAI की एंबुलेंस सेवा और ड्राइवर को पूरी तरह सक्रिय रखा जाए
ब्लैक स्पॉट पर विशेष फोकस
एसपी ने दनुआ घाटी के ब्लैक स्पॉट्स की पहचान कर वहां विशेष सुरक्षा उपाय लागू करने के निर्देश दिए हैं, ताकि भविष्य में होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके। लगातार हो रहे हादसों के मद्देनज़र प्रशासन की यह कार्रवाई क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर एक बड़ा कदम मानी जा रही है।
No Comment! Be the first one.