News Saga Desk
Narendra Modi दो दिवसीय दौरे पर सिक्किम पहुंचे हैं। प्रधानमंत्री सोमवार शाम राजधानी गंगटोक पहुंचे, जहां उन्होंने रोड शो कर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। सड़क किनारे बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया, जिस पर प्रधानमंत्री ने भी आभार जताया।
मंगलवार सुबह पीएम मोदी ने गंगटोक में युवाओं के साथ फुटबॉल खेलकर दिन की शुरुआत की। उन्होंने इस दौरान की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा कि “गंगटोक की एक प्यारी सुबह, सिक्किम में अपने नन्हे दोस्तों के साथ फुटबॉल खेलने का मजा ही कुछ और है।” उन्होंने इस सत्र को बेहद ऊर्जावान बताया।
इससे पहले सोमवार शाम को प्रधानमंत्री ने हेलीपैड से लोकभवन तक रोड शो किया था। इस दौरान शहर की सड़कों पर भारी भीड़ उमड़ी और लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
अपने दौरे के दूसरे दिन मंगलवार को पीएम मोदी सिक्किम के 50वें स्थापना दिवस के समापन समारोह में हिस्सा लेंगे। यह कार्यक्रम गंगटोक के Paljor Stadium में आयोजित होगा, जहां सुबह करीब 10 बजे वे लोगों को संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री इस अवसर पर 4000 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इन परियोजनाओं में बुनियादी ढांचा, कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली, शहरी विकास, पर्यावरण, पर्यटन और कृषि जैसे कई अहम क्षेत्र शामिल हैं।
इसके अलावा, पीएम मोदी गंगटोक स्थित ऑर्किडेरियम का भी दौरा करेंगे, जिसे राज्य की समृद्ध पारिस्थितिकी और पुष्प विरासत को प्रदर्शित करने के लिए विश्वस्तरीय ऑर्किड अनुभव केंद्र के रूप में विकसित किया गया है।
No Comment! Be the first one.