News Saga Desk
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे और अंतिम चरण के प्रचार के आखिरी दिन केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah ने कोलकाता के बेहाला में भव्य रोड शो कर शक्ति प्रदर्शन किया और मतदाताओं को सुरक्षा का बड़ा भरोसा दिया।
दक्षिण कोलकाता के इस अहम इलाके में रोड शो के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि यदि राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनती है, तो चुनाव परिणाम के बाद भी कम से कम सात दिनों तक केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती जारी रहेगी। इसका उद्देश्य संभावित पोस्ट-पोल हिंसा को रोकना है।
उन्होंने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि 29 अप्रैल को बिना किसी भय के मतदान केंद्र पर जाकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें। “आपको किसी भी तरह के गुंडों या दबाव से डरने की जरूरत नहीं है,” उन्होंने कहा।
गृह मंत्री ने यह भी बताया कि निर्वाचन आयोग ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। उन्होंने दोहराया कि भाजपा के सत्ता में आने की स्थिति में भी सुरक्षा बल तुरंत नहीं हटाए जाएंगे, बल्कि लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कुछ दिनों तक राज्य में मौजूद रहेंगे।
सोमवार को बेहाला क्षेत्र पूरी तरह चुनावी रंग में डूबा नजर आया। अमित शाह खुले वाहन में सवार होकर रोड शो कर रहे थे, जहां सड़कों के दोनों ओर बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद थे। इस दौरान “जय श्रीराम” और “भारत माता की जय” जैसे नारों से माहौल गूंज उठा।
पश्चिम बंगाल में चुनाव के बाद होने वाली हिंसा एक लंबे समय से अहम मुद्दा रही है। ऐसे में अमित शाह का ‘सात दिन तक केंद्रीय बलों की तैनाती’ का वादा सीधे तौर पर मतदाताओं के मन में बैठे भय को दूर करने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। भाजपा का फोकस खास तौर पर उन क्षेत्रों पर है, जहां डर के कारण मतदान प्रतिशत प्रभावित होता रहा है।
No Comment! Be the first one.