News Saga Desk
Hemant Soren के समक्ष झारखंड मंत्रालय में पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों ने सिरमटोली से कांटाटोली को जोड़ने वाली प्रस्तावित कनेक्टिंग फ्लाईओवर की कार्य प्रगति पर पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया।
मुख्यमंत्री ने फ्लाईओवर परियोजना की बिंदुवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि भू-अर्जन से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी कर कार्य को गति दी जाए।
बैठक के दौरान करमटोली से साइंस सिटी और चिरौंदी तक प्रस्तावित फ्लाईओवर निर्माण योजना पर भी चर्चा हुई। इस संबंध में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि परियोजना को जल्द धरातल पर उतारा जा सके।
ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने पर जोर
सीएम सोरेन ने रांची की ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि शहर की सड़कों पर बने डिवाइडरों में जहां-जहां अनावश्यक कट्स हैं, उन्हें बंद किया जाए। उन्होंने कहा कि रांचीवासियों को सुगम और सुरक्षित यातायात उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
बैठक में पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार, अभियंता प्रमुख प्रवीण जयंत भेंगरा, मुख्य अभियंता विजय रंजन तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
No Comment! Be the first one.