News Saga Desk
राजधानी रांची के डोरंडा स्थित झारखंड आर्म्ड पुलिस (JAP)-1 परिसर के सामडुपलिंग गुम्बा में बुद्ध पूर्णिमा श्रद्धा, भक्ति और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाई गई। विश्व शांति, सुख-समृद्धि और मानव कल्याण की कामना के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर जैप-1 परिसर से प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें राज्य के स्वास्थ्य मंत्री Irfan Ansari भी शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
लामाओं ने किया विशेष पूजा-अनुष्ठान
जैप-1 परिसर स्थित बुद्ध मंदिर में बौद्ध परंपरा के अनुसार लामाओं द्वारा विशेष पूजा और ‘दोमांग पाठ’ का आयोजन किया गया। धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान शांति, सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा की कामना की गई।
यहां पवित्र बौद्ध ग्रंथ ‘डोमांग’ का पाठ भी किया गया। आयोजन समिति के अनुसार यह अनुष्ठान जैप जवानों को मानसिक शांति, आत्मिक मजबूती और अनुशासन की शक्ति प्रदान करने के उद्देश्य से किया जाता है।
गोरखा बटालियन के कारण विशेष सांस्कृतिक माहौल
जैप-1 परिसर में गोरखा बटालियन की बहुलता होने के कारण बुद्ध पूर्णिमा का आयोजन विशेष पारंपरिक और सांस्कृतिक माहौल में संपन्न हुआ। पूरे परिसर में आध्यात्मिक वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए मंत्री इरफान अंसारी ने सभी को बुद्ध पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए शांति, भाईचारे और मानवता के संदेश को अपनाने की अपील की। इस अवसर पर कई सामाजिक, राजनीतिक और धार्मिक हस्तियां भी मौजूद रहीं।
No Comment! Be the first one.