News Saga Desk
झारखंड के जमशेदपुर शहर से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के कृष्णा रोड स्थित एक घर में बेटे ने अपने ही पिता पर चापड़ से हमला कर दिया। आरोपी युवक ने पुलिस को बताया कि उसने अपने पिता को “भूत” समझ लिया था। हमले में पिता गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार देर रात करीब 10 बजे की है। अचानक घर से चीख-पुकार की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। वहां उन्होंने करण सिंह को खून से लथपथ हालत में फर्श पर पड़ा देखा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि आरोपी बेटा निशांत सिंह ने गुस्से में आकर अपने पिता पर चापड़ से कई वार कर दिए। हमले के बाद भी आरोपी मौके पर ही मौजूद था। स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए उसे पकड़ लिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल करण सिंह को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है और हमले में इस्तेमाल चापड़ भी बरामद कर लिया गया है। सिदगोड़ा थाना प्रभारी फैज अहमद ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी लगातार यह कह रहा है कि उसने अपने पिता को “भूत” समझ लिया था।
पुलिस को युवक की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं लग रही है। ऐसे में पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी किसी मानसिक तनाव, नशे या अन्य कारणों से प्रभावित तो नहीं था।
इस सनसनीखेज घटना के बाद इलाके में दहशत और हैरानी का माहौल है। लोग इस बात से स्तब्ध हैं कि आखिर एक बेटा अपने ही पिता पर इतना जानलेवा हमला कैसे कर सकता है।
No Comment! Be the first one.