सम्राट कैबिनेट की अहम बैठक 6 मई को, बड़े निर्णय संभव

बिहार में राजनीतिक हलचल के बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अगुवाई में 6 मई को अहम कैबिनेट बैठक होने जा रही है। यह बैठक शाम 5 बजे मुख्यमंत्री सचिवालय में आयोजित होगी, जिसमें सरकार के कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा के साथ-साथ बड़े फैसले लिए जाने की संभावना है।

सूत्रों के अनुसार, इस कैबिनेट बैठक को काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि इसमें राज्य के विकास से जुड़ी नई नीतियों और योजनाओं को मंजूरी मिल सकती है। खासतौर पर युवाओं के रोजगार, किसानों की समस्याओं और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार से जुड़े प्रस्ताव एजेंडे में शामिल हो सकते हैं।

बताया जा रहा है कि सरकार विभिन्न विभागों से आए प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा करेगी और कई लंबित योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए ठोस निर्णय ले सकती है। इसके अलावा प्रशासनिक सुधार और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने से जुड़े मुद्दों पर भी मुहर लगने की उम्मीद है।

गौरतलब है कि सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के बाद यह तीसरी कैबिनेट बैठक होगी। इससे पहले हुई बैठकों में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए जा चुके हैं, जिनमें विकास परियोजनाओं और पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने से जुड़े निर्णय शामिल रहे हैं| माना जा रहा है कि 6 मई की यह बैठक न सिर्फ सरकार की नीतियों की दिशा तय करेगी, बल्कि आगामी राजनीतिक और प्रशासनिक रणनीति के लिए भी निर्णायक साबित हो सकती है। ऐसे में सभी की नजरें इस बैठक पर टिकी हुई हैं।

इससे पहले 29 अप्रैल को कैबिनेट की बैठक आयोजित हुई थी, जिसमें विभिन्न विभागों से जुड़े 63 अहम प्रस्तावों पर सरकार की मंजूरी मिली थी। सरकार ने पटना के संजय गांधी जैविक उद्यान का नाम बदलने के प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी थी। इस उद्यान के संचालन के लिए गठित संजय गांधी जैविक उद्यान प्रबंधन एवं विकास समिति का नामकरण पटना जू प्रबंधन एवं विकास समिति कर दिया गया था। फिलहाल मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दिल्ली दौरे पर हैं। ऐसा माना जा रहा है कि कैबिनेट विस्तार के लिए मंत्रियों की लिस्ट लेकर वह दिल्ली गए हैं, जहां बीजेपी आलाकमान की तरफ से मंत्रियों के नाम पर फाइनल मुहर लग सकती है और सीएम के दिल्ली से लौटने के बाद कैबिनेट का विस्तार हो सकता है।

Read More News

झारखंड BJP में बड़ा संगठनात्मक बदलाव, पवन साय को मिली कमान, कर्मवीर सिंह को छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी

भाजपा ने पवन साय को झारखंड का नया संगठन महामंत्री बनाया है। कर्मवीर सिंह को छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी...

Read More