पटना के गांधी मैदान में बिहार मंत्रिमंडल का बड़ा विस्तार, 32 मंत्रियों ने ली शपथ

News Saga Desk

पटना: बिहार की राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में बुधवार को बिहार सरकार के मंत्रिमंडल का बड़ा विस्तार हुआ। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार में 32 नए मंत्रियों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। यह पहली बार है जब बिहार में बीजेपी के नेतृत्व में मंत्रिमंडल का विस्तार हुआ है।
शपथ ग्रहण समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार, विजय सिन्हा, दिलीप जायसवाल, श्रवण कुमार और लेसी सिंह प्रमुख चेहरों में शामिल रहे। राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने सभी मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

मंत्रिमंडल विस्तार में बीजेपी के 15, जेडीयू के 13, एलजेपी (रामविलास) के 2, जबकि HAM और RLM के एक-एक विधायक को मंत्री बनाया गया है। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान समेत एनडीए के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। शपथ ग्रहण के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने मंच पर सभी नए मंत्रियों से मुलाकात कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।

इस समारोह का सबसे चर्चित क्षण तब देखने को मिला जब पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने मंत्री पद की शपथ लेने से पहले अपने पिता के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। सक्रिय राजनीति में आने के करीब आठ सप्ताह बाद उन्हें मंत्री पद की जिम्मेदारी मिली है। बिहार की राजनीति में इस मंत्रिमंडल विस्तार को सत्ता संतुलन और आगामी राजनीतिक रणनीति के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।

Read More News

झारखंड BJP में बड़ा संगठनात्मक बदलाव, पवन साय को मिली कमान, कर्मवीर सिंह को छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी

भाजपा ने पवन साय को झारखंड का नया संगठन महामंत्री बनाया है। कर्मवीर सिंह को छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी...

Read More