News Saga Desk
झारखंड के गढ़वा जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कांडी थाना क्षेत्र अंतर्गत सीओ आवास के पास एक ही मोटरसाइकिल पर सवार चार युवक अनियंत्रित होकर पुल के नीचे जा गिरे। इस हादसे में बाइक पर सवार सभी चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
शादी समारोह से लौटने के दौरान हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, सभी युवक एक शादी समारोह में शामिल होकर शनिवार सुबह अपने गांव पतरिया लौट रहे थे। इसी दौरान कांडी सीओ आवास के सामने बने पुल के पास बाइक चालक ने संतुलन खो दिया। तेज रफ्तार और असंतुलन के कारण मोटरसाइकिल सीधे पुल के नीचे जा गिरी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने चलाया राहत कार्य
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को बाहर निकालकर इलाज के लिए रेफरल अस्पताल मझिआंव भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी घायलों को गढ़वा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घायलों की पहचान
घायलों में रितेश कुमार (18 वर्ष), पिता चंदन पासवान, और ओम प्रकाश (18 वर्ष), पिता सीताराम, दोनों ग्राम टड़हे थाना मंझिआंव के निवासी बताए गए हैं। अन्य दो घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और एक बाइक पर चार लोगों के सवार होने को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।
No Comment! Be the first one.