अमेरिका के ओहायो में हिंदू मंदिर पर हमला, आरोपियों की तलाश तेज

अमेरिका के ओहायो में एक हिंदू मंदिर को निशाना बनाए जाने की घटना सामने आई है। हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन (HAF) के अनुसार, रिकमंड हाइट्स स्थित श्री स्वामीनारायण वड़ताल धाम हिंदू मंदिर पर अज्ञात लोगों ने ईंटें फेंकीं।

NEWS SAGA DESK :

अमेरिका के ओहायो में एक हिंदू मंदिर को निशाना बनाए जाने की घटना सामने आई है। हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन (HAF) के अनुसार, रिकमंड हाइट्स स्थित श्री स्वामीनारायण वड़ताल धाम हिंदू मंदिर पर अज्ञात लोगों ने ईंटें फेंकीं। हमले में मंदिर की संपत्ति को नुकसान पहुंचने की बात कही गई है।

बताया गया है कि यह घटना स्थानीय समय के अनुसार दोपहर करीब 1:30 बजे हुई। घटना के वक्त अज्ञात लोगों ने मंदिर परिसर को निशाना बनाया और वहां ईंटें फेंकीं। हमले के बाद स्थानीय स्तर पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

HAF का कहना है कि घटना से संबंधित सर्विलांस वीडियो उपलब्ध है, जिसे जांच अधिकारी देख रहे हैं। संगठन के मुताबिक, मामले की जानकारी FBI की Civil Rights Unit को भी दी गई है। HAF मंदिर प्रबंधन के संपर्क में है और जरूरत के अनुसार सहयोग उपलब्ध कराने की बात कही है। संगठन ने घटना को संभावित हेट क्राइम मानते हुए जांच एजेंसियों से आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने की अपील की है। हालांकि, अंतिम रूप से यह घटना हेट क्राइम है या नहीं, इसका निर्धारण जांच और आधिकारिक निष्कर्ष के बाद ही होगा।

आरोपियों पर कार्रवाई की मांग

HAF ने कानून प्रवर्तन एजेंसियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए जिम्मेदार लोगों तक जल्द पहुंचने की मांग की है। संगठन ने निर्वाचित प्रतिनिधियों और सरकारी संस्थानों से भी भारतीय-अमेरिकी और हिंदू-अमेरिकी समुदाय के खिलाफ नफरत फैलाने वाली बयानबाजी की स्पष्ट रूप से निंदा करने की अपील की है। HAF का दावा है कि यह घटना ऐसे समय हुई है, जब अमेरिका में हिंदू-अमेरिकी समुदाय को लेकर कथित आपत्तिजनक और नफरत भरी बयानबाजी को लेकर चिंता जताई जा रही है।

संगठन के मुताबिक, घटना का समय भी महत्वपूर्ण है क्योंकि यह महात्मा गांधी की जयंती के दिन और ओहायो में घोषित ‘हिंदू हेरिटेज मंथ’ की शुरुआत के मौके पर सामने आई। फिलहाल जांच एजेंसियां उपलब्ध वीडियो और अन्य सबूतों के आधार पर घटना की पूरी कड़ी को जोड़ने में जुटी हैं।

Read More News

Read More