बाबूलाल मरांडी का हेमंत सरकार पर हमला, बोले- झारखंड में गैंगस्टर खोल रहे पुलिस का कच्चा चिट्ठा

News Saga Desk

झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने धनबाद के कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के वायरल वीडियो को लेकर हेमंत सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि आमतौर पर पुलिस अपराधियों का पर्दाफाश करती है, लेकिन झारखंड में गैंगस्टर ही पुलिस के कथित काले कारनामों का खुलासा कर रहे हैं।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रिंस खान का वायरल वीडियो न सिर्फ पुलिस को चुनौती दे रहा है, बल्कि धनबाद एसएसपी के कार्यकाल का “मूल्यांकन” भी कर रहा है। उन्होंने इसे राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल बताया।

मरांडी ने आरोप लगाया कि धनबाद में पुलिस और अपराधियों के बीच संघर्ष नहीं, बल्कि दोनों के बीच दहशत फैलाने की होड़ मची हुई है। उन्होंने कहा कि “एक वर्दी पहनकर कथित वसूली कर रहा है, तो दूसरा बिना वर्दी के।”

उन्होंने आगे कहा कि संवेदनशील जिलों में करोड़ों रुपये लेकर पोस्टिंग होने की चर्चाएं आम हैं, जिससे जनता का भरोसा टूट रहा है। मरांडी ने सवाल उठाया कि क्या ऐसी पोस्टिंग कानून व्यवस्था सुधारने के लिए होती है या फिर यह “एक्सटॉर्शन लाइसेंस” बन चुकी है।

नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर यही स्थिति जारी रही, तो झारखंड ‘जंगलराज’ से भी बदतर हालात में पहुंच जाएगा। उन्होंने कहा कि जब रक्षक ही भय का कारण बन जाएं, तो लोकतंत्र खतरे में पड़ जाता है।

Read More News

Read More