गिरिडीह जिले के इसरी बाजार में शुक्रवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार कोयला लदा 14 चक्का ट्रक अनियंत्रित होकर बाजार में घुस गया और कई वाहनों को रौंदते हुए भारी तबाही मचा दी। इस दर्दनाक हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।
पूरी घटना पास की एक दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि डुमरी की ओर से आ रहा ट्रक पहले शादी का सामान लदे एक वाहन से टकराता है। इसके बाद ट्रक सड़क किनारे खड़ी बाइक को अपनी चपेट में लेता है और फिर अन्य वाहनों व दुकान के पास रखे सामान को रौंदते हुए एक दीवार से जा भिड़ता है। महज पांच सेकंड के भीतर पूरा बाजार चीख-पुकार से गूंज उठा।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। सबसे पहले गिरिडीह के उपायुक्त रामनिवास यादव घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य का जायजा लिया। इसके बाद एसपी डॉ. बिमल कुमार भी मौके पर पहुंचे और देर रात तक रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी करते रहे।
ट्रक के नीचे अन्य लोगों के दबे होने की आशंका को देखते हुए रातभर राहत और बचाव अभियान चलाया गया। मौके पर दो क्रेन और दो जेसीबी मशीनों की मदद से ट्रक को हटाने का प्रयास किया गया। सुबह करीब तीन बजे ट्रक को हटाया गया। हालांकि ट्रक के नीचे केवल एक बाइक दबी मिली।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने और राहत कार्य में प्रशासन की मदद की। कई सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ता भी देर रात तक घटनास्थल पर मौजूद रहे। भाजपा कार्यसमिति सदस्य प्रदीप साहू और झामुमो नेता राजू महतो ने भी राहत कार्य में सहयोग किया। प्रदीप साहू ने कहा कि ट्रक में कोयला लदा था। उन्होंने सवाल उठाया कि इतनी भारी गाड़ी भीड़भाड़ वाले इसरी बाजार क्षेत्र में आखिर कैसे पहुंची।
पुलिस ने ट्रक संख्या JH02BL-1853 के चालक को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि ट्रक भीड़भाड़ वाले इलाके में कैसे घुसा और हादसे की असली वजह क्या रही, इसकी विस्तृत रिपोर्ट जल्द सौंपी जाए।
वहीं उपायुक्त रामनिवास यादव ने जिला परिवहन पदाधिकारी को वाहन की तकनीकी जांच और मूवमेंट रिपोर्ट तैयार करने का निर्देश दिया है। ट्रक कहां से आ रहा था, कहां जा रहा था, उसकी रफ्तार कितनी थी और हादसे की वजह क्या रही, इन सभी बिंदुओं पर जांच की जाएगी।
एसडीएम संतोष गुप्ता ने हादसे में पांच लोगों की मौत की पुष्टि की है। घायलों का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में जारी है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
No Comment! Be the first one.