News Saga Desk
रांची: पंडरा ओपी क्षेत्र के विद्यानगर में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां बहू ने अपने ही ससुर की हत्या कर दी। आरोप है कि महिला ने तकिये से मुंह दबाकर बुजुर्ग की जान ले ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, विद्यानगर निवासी एक बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना पुलिस को मिली थी। प्रारंभिक जांच के दौरान घर के सदस्यों के बयान में विरोधाभास पाए गए, जिसके बाद पुलिस का शक मृतक की बहू पर गया।
पुलिस की सख्ती से पूछताछ में आरोपी महिला ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि बहू और ससुर के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते बढ़ गई। इसी दौरान आवेश में आकर महिला ने तकिये से ससुर का मुंह दबा दिया, जिससे दम घुटने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। वहीं आरोपी महिला को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
No Comment! Be the first one.