News Saga Desk
रांची के टाटीसिल्वे इलाके में हुए अभिजीत हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह हत्या किसी बड़ी साजिश के तहत नहीं, बल्कि शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद में की गई थी। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है।
पुलिस के मुताबिक अभिजीत अपने कुछ साथियों के साथ शराब पार्टी कर रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने अभिजीत के साथ मारपीट शुरू कर दी। गुस्से में आकर आरोपियों ने उसका गला दबाकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। साक्ष्य मिटाने के लिए शव को घटनास्थल से दूर ले जाकर फेंक दिया गया, ताकि मामला सामान्य लगे और पुलिस को जांच में भ्रमित किया जा सके।
पुलिस ने तकनीकी जांच और स्थानीय स्तर पर जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर मामले में शामिल चार आरोपियों की पहचान की। इनमें से आकाश सुजय बेक, सन्नी मिंज और विशाल राम को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपियों में मृतक अभिजीत के पड़ोसी भी शामिल हैं। ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने बताया कि मामले में फरार चौथे आरोपी की तलाश लगातार जारी है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
No Comment! Be the first one.