तिरुवनंतपुरम-हजरतन निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस में भीषण आग, 68 यात्रियों का रेस्क्यू

News Saga Desk

मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के पास रविवार तड़के तिरुवनंतपुरम-हजरतन निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस में भीषण आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। यह हादसा कोटा रेल मंडल क्षेत्र में लूणी और विक्रमगढ़ स्टेशन के बीच हुआ। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी यात्री के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 5:30 बजे दिल्ली की ओर जा रही ट्रेन संख्या 12431 के बी-1 एसी कोच से अचानक धुआं उठने लगा। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और लपटें कोच के बड़े हिस्से तक फैल गईं। बाद में थर्ड एसी और एसएलआर कोच भी आग की चपेट में आ गए। घटना के बाद आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही ट्रेन के गार्ड ने लोको पायलट को अलर्ट किया, जिसके बाद ट्रेन को तुरंत रोका गया। बी-1 कोच में सवार करीब 68 यात्रियों को आरपीएफ और रेलवे स्टाफ की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया। रेलवे प्रशासन ने एहतियातन दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर ट्रेनों का संचालन कुछ समय के लिए रोक दिया, जिससे कई ट्रेनें प्रभावित हुईं।

सुरक्षा के मद्देनजर रेलवे अधिकारियों ने तुरंत ओएचई लाइन की बिजली सप्लाई बंद कर दी और प्रभावित कोच को ट्रेन से अलग किया गया, ताकि आग अन्य डिब्बों तक न फैल सके। हादसे की सूचना मिलते ही कोटा रेल डिवीजन से राहत ट्रेन और मेडिकल टीम को मौके पर रवाना किया गया। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

Read More News

Read More