29 जुलाई तक चलेगा मतदाताओं के सत्यापन और इन्यूमरेशन फॉर्म संग्रह का अभियान
News Saga Desk
रांची । झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर निर्वाचन आयोग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्यभर में बीएलओ (Booth Level Officer) द्वारा घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन 30 जून 2026 से 29 जुलाई 2026 तक किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस दौरान बीएलओ मतदाताओं के घर पहुंचकर इन्यूमरेशन फॉर्म वितरित करेंगे और मतदाताओं द्वारा सत्यापित किए जाने के बाद उन फॉर्मों का संग्रह भी करेंगे। यह अभियान मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर राज्य में पहले से ही व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। अब तक लगभग 73 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग बीएलओ द्वारा पूर्व गहन पुनरीक्षण की मतदाता सूची के आधार पर की जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि जिन मतदाताओं की अब तक मैपिंग नहीं हो पाई है, उनकी सूची 23 मई 2026 से सभी मतदान केंद्रों पर प्रदर्शित की जाएगी। साथ ही संबंधित बीएलओ का नाम और मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि मतदाता सीधे संपर्क कर अपनी मैपिंग सुनिश्चित करा सकें।
सुबोध कुमार ने यह भी बताया कि बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर स्टीकर लगाने का कार्य भी किया गया है, जिसमें संबंधित बीएलओ का नाम और संपर्क नंबर अंकित है। इसके अलावा मतदाता ECINET ऐप के “Book A Call” फीचर का उपयोग कर भी अपने बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं।
निर्वाचन विभाग ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे इस विशेष अभियान में सहयोग करें और अपने नाम, पते एवं अन्य विवरणों का सत्यापन समय पर कराएं, ताकि मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाया जा सके।
No Comment! Be the first one.