रांची में नियुक्ति पत्र वितरण समारोह, 316 सहायक आचार्यों को मिला नियुक्ति पत्र

News Saga Desk

राजधानी रांची के धुर्वा स्थित प्रोजेक्ट भवन सभागार में आज इंटर और स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्यों के नियुक्ति पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर और श्रम नियोजन मंत्री संजय प्रसाद यादव की मौजूदगी में चयनित अभ्यर्थियों को सांकेतिक रूप से नियुक्ति पत्र सौंपे गए।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार का उद्देश्य राज्य के मानव संसाधन को मजबूत करना और झारखंड के विकास को नई गति देना है। उन्होंने कहा कि राज्य गठन के बाद जिन क्षेत्रों में तेजी से काम होना चाहिए था, वहां अपेक्षित प्रगति नहीं हो सकी। अब सरकार शिक्षा, रोजगार और ग्रामीण विकास को प्राथमिकता देते हुए आगे बढ़ रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नियुक्ति पाने वाले शिक्षक अब सरकार के महत्वपूर्ण अंग के रूप में कार्य करेंगे और गांव-गांव तक शिक्षा की रोशनी पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि नौकरी का उद्देश्य केवल वेतन प्राप्त करना नहीं, बल्कि राज्य और समाज के विकास में योगदान देना होना चाहिए।

उन्होंने कुपोषण को राज्य के लिए बड़ा अभिशाप बताते हुए महिलाओं के सशक्तिकरण और बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि मईया सम्मान योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत किया गया है और कई महिलाएं इस योजना का लाभ लेकर उच्च पदों तक पहुंची हैं।

इस मौके पर वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने नियुक्ति पाने वाले अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उनके धैर्य और संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार वित्तीय प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए रोजगार और विकास दोनों मोर्चों पर काम कर रही है। साथ ही उन्होंने कहा कि पलायन रोकना और लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले सहायक आचार्यों ने खुशी जताते हुए कहा कि वे पूरी निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे।

Read More News

Read More