झारखंड में हीटवेव को लेकर मुख्यमंत्री का सख्त निर्देश, पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर

News Saga Desk

झारखंड | रांची में बढ़ती गर्मी और हीटवेव की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री Hemant Soren ने राज्य प्रशासन को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों, थाना प्रभारियों, अंचल अधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों को साफ निर्देश दिया है कि सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर आम लोगों के लिए पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और इसकी स्पष्ट सूचना भी प्रदर्शित की जाए, ताकि राहगीरों और आम नागरिकों को किसी तरह की परेशानी न हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी गाँव, टोला या मोहल्ले में पेयजल की कमी के कारण लोगों को असुविधा नहीं होनी चाहिए, यह प्रशासन और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जहाँ-जहाँ जल संकट की स्थिति उत्पन्न हो रही है, वहाँ तुरंत टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत और अन्य वैकल्पिक जल स्रोतों की व्यवस्था भी तत्काल की जाए।

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से कहा कि जनहित सर्वोपरि है और भीषण गर्मी के इस दौर में प्रशासन को पूरी संवेदनशीलता, तत्परता और मानवीय दृष्टिकोण के साथ कार्य करना चाहिए।

Read More News

Read More