धनबाद में ‘आंगन उत्सव’, विधायक राज सिन्हा ने सेविकाओं को किया सम्मानित

NEWS SAGA DESK

धनबाद विधायक राज सिन्हा ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘आंगन उत्सव’ में आंगनवाड़ी सेविका-सहायिकाओं को सम्मानित किया और बच्चों के बीच पोषण सामग्री का वितरण किया।

धनबाद: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रसेवा के 25 वर्षों के गौरवशाली और प्रेरणादायी कार्यकाल को समर्पित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत सोमवार को धनबाद में ‘आंगन उत्सव’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर झारखंड विधानसभा के सचेतक सह धनबाद विधायक राज सिन्हा ने समाज सेवा, समर्पण और मातृत्व की मिसाल बनीं आंगनवाड़ी सेविका और सहायिका बहनों को सम्मानित किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
मॉडल आंगनवाड़ी और पांडरपाला में आयोजन

धनबाद महानगर के बरटांड़ मंडल अंतर्गत बाबूडीह स्थित मॉडल आंगनवाड़ी सह प्री-नर्सरी स्कूल एवं पांडरपाला दास बस्ती में ‘आंगन उत्सव’ का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे विधायक राज सिन्हा ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के निस्वार्थ सेवा-भाव और मातृवत स्नेह के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही उन्होंने वहां उपस्थित नन्हे-मुन्ने बच्चों के बीच पोषण सामग्री का वितरण भी किया।

समाज की मजबूत नींव हैं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता: राज सिन्हा

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक राज सिन्हा ने कहा कि आंगनवाड़ी सेविका और सहायिकाएं महज एक सरकारी व्यवस्था का हिस्सा नहीं हैं, बल्कि वे समाज के सबसे महत्वपूर्ण दायित्व—बच्चों के स्वस्थ, संस्कारित और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण—में रीढ़ की हड्डी की तरह कार्य कर रही हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

उन्होंने कहा, “आंगनवाड़ी बहनों की ममता, सेवा और समर्पण हमारे बच्चों के बेहतर कल की नींव है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश में सेवा को जनभागीदारी से जोड़ने का काम किया जा रहा है। पीएम मोदी के 25 वर्षों की राष्ट्रसेवा का यही संदेश है कि राजनीति सत्ता प्राप्ति का नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण का संकल्प है।”

राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी जरूरी

कार्यक्रम के दौरान वार्ड पार्षद अशोक पाल ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि ‘सेवा मेरा योगदान’ केवल एक अभियान नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करने वाला एक जन-संकल्प है।

इस अवसर पर वार्ड पार्षद अशोक पाल, बरटांड़ मंडल अध्यक्ष हुलास दास, मनोज रिंकू, बृजनंदन शर्मा, टुन्ना सिंह, अमित सिंह, बबलू फरिदि, भागीरथ दास सहित भाजपा के कई प्रमुख कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी सेविका-सहायिकाएं और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Read More News

Read More