News Saga Desk
झारखंड में लगातार बढ़ रही गर्मी और हीटवेव को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने राज्य के अधिकारियों को आम लोगों को तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा है कि इस भीषण गर्मी में प्रशासन पूरी संवेदनशीलता, तत्परता और मानवीय दृष्टिकोण के साथ कार्य करे, क्योंकि जनहित सर्वोपरि है।
मुख्यमंत्री ने राज्य के सभी उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, थाना प्रभारी, अंचलाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी और पंचायत प्रतिनिधियों को निर्देश दिया है कि सभी सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर आम लोगों एवं राहगीरों के लिए पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही वहां स्पष्ट सूचना भी प्रदर्शित करने को कहा गया है, ताकि लोगों को आसानी से राहत मिल सके।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि जहां कहीं जल संकट की स्थिति हो, वहां तत्काल टैंकरों के माध्यम से पानी उपलब्ध कराया जाए। इसके अलावा खराब पड़े चापाकलों की मरम्मत और अन्य वैकल्पिक जल व्यवस्था भी सुनिश्चित करने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि किसी भी गांव, टोला या मोहल्ले में पेयजल की कमी के कारण लोगों को परेशानी न हो, यह प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से भी अधिकारियों को जनहित में तत्परता से कार्य करने का संदेश दिया। राज्य में पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए सरकार की ओर से राहत और पेयजल व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
No Comment! Be the first one.