News Saga Desk
खूंटी। आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर खूंटी पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है। इसी कड़ी में सोमवार को जिले के कचहरी मैदान में पुलिस प्रशासन की ओर से व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस जवानों ने दंगा नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास किया।
मॉक ड्रिल के दौरान जवानों को अश्रु गैस के गोले छोड़ने, लाठीचार्ज कर भीड़ को नियंत्रित करने और तनावपूर्ण हालात में त्वरित कार्रवाई करने का प्रशिक्षण दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने जवानों को बताया कि त्योहारों के दौरान यदि किसी भी क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बिगड़ती है, तो किस प्रकार संयम और सतर्कता के साथ हालात पर नियंत्रण पाया जाए।
खूंटी के पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने कहा कि बकरीद के दौरान जिले के सभी संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जाएगी। प्रमुख चौक-चौराहों पर दंडाधिकारियों की मौजूदगी में पुलिस बल की तैनाती रहेगी, जबकि बाइक पेट्रोलिंग टीम लगातार गश्त करती रहेगी। इसके अलावा ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के जरिए पूरे शहर पर नजर रखी जाएगी।
एसपी ने आम लोगों से भाईचारे और शांति के साथ त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 9471771101 पर दें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान अफवाह फैलाने और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
No Comment! Be the first one.