भीषण धूप में बाल्टी लेकर सड़क पर उतरीं महिलाऐं, दो महीने से पानी संकट झेल रहे लोगों का फूटा गुस्सा

News Saga Desk

Ranchi में लगातार बढ़ती गर्मी के बीच जल संकट गहराता जा रहा है। इसी समस्या को लेकर कर्बला के समीप वार्ड नंबर 15 के लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले दो महीनों से इलाके में पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है, लेकिन अब तक नगर निगम और प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई है।

प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बताया कि इलाके में पानी की सप्लाई पूरी तरह प्रभावित है। हालात ऐसे हो गए हैं कि लोगों को नहाने, कपड़ा धोने और घरेलू जरूरतों के लिए भी पानी खरीदना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि गरीब परिवार रोजाना पानी खरीदकर अपनी जरूरतें पूरी करने में असमर्थ हैं।

स्थानीय निवासियों के अनुसार इलाके में वाटर सप्लाई की पाइपलाइन तो मौजूद है, लेकिन उसमें नियमित पानी नहीं आता। कभी सप्लाई होती भी है तो गंदा और नाली जैसा पानी निकलता है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उन्हें अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि स्थायी समाधान चाहिए।

लोगों ने चेतावनी दी कि फिलहाल उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से सड़क जाम कर विरोध दर्ज कराया है, लेकिन यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

Read More News

Read More