NEWS SAGA DESK
जामताड़ा जिले के करमाटांड़ प्रखंड अंतर्गत शेखपुरा गांव के समीप शुक्रवार रात एक बड़ा हादसा टल गया, जब चित्रा से जामताड़ा की ओर जा रही एक मारुति ब्रेजा कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते वाहन आग के गोले में तब्दील हो गया और पूरी तरह जलकर राख हो गया। हालांकि कार में सवार तीनों लोग समय रहते बाहर निकल गए, जिससे उनकी जान बच गई।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 8:30 बजे ब्रेजा कार चित्रा से जामताड़ा की ओर जा रही थी। शेखपुरा गांव के पास पहुंचते ही वाहन में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पहले कार से धुआं निकलने लगा और कुछ ही देर में आग की लपटें उठने लगीं।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चालक ने तत्काल सूझबूझ का परिचय देते हुए वाहन को सड़क किनारे रोक दिया और कार में बैठे अन्य दो लोगों को बाहर निकलने के लिए कहा। सभी लोग सुरक्षित बाहर आ गए। इसके कुछ ही क्षण बाद आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया।
आग लगने की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। लोगों ने पानी समेत उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी कार जलकर खाक हो गई।
घटना के दौरान सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग की ऊंची लपटें और धुएं का घना गुबार दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए और स्थिति पर नजर बनाए रखी।
ग्रामीणों ने बताया कि यदि चालक समय रहते वाहन नहीं रोकता और यात्रियों को बाहर नहीं निकालता, तो बड़ा हादसा हो सकता था। उनकी सतर्कता और त्वरित निर्णय के कारण तीनों लोगों की जान बच गई।
सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।
No Comment! Be the first one.