पटना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, करोड़ों की साइबर ठगी के दो आरोपी पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार

NEWS SAGA DESK

पटना: बिहार की राजधानी पटना में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। एसएसपी के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) की निगरानी में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत साइबर थाना पुलिस ने दो अलग-अलग साइबर ठगी मामलों में शामिल दो आरोपियों को पश्चिम बंगाल के हुगली जिले से गिरफ्तार किया है।

डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 2.66 करोड़ रुपये की ठगी

पुलिस के अनुसार पहला मामला साइबर थाना कांड संख्या 2157/24 से संबंधित है। इस मामले में अपराधियों ने पीड़ित को डिजिटल अरेस्ट का भय दिखाकर 2 करोड़ 66 लाख 20 हजार 397 रुपये की ठगी कर ली थी।

मामले की जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में छापेमारी कर मुख्य आरोपी शुभम राय को गिरफ्तार किया। आरोपी हुगली के श्रीरामपुर क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक करोड़ों रुपये की इस ठगी में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका सामने आई है।

बिजली मीटर अपडेट के नाम पर खाते से उड़ाए रुपये

दूसरा मामला साइबर थाना कांड संख्या 512/26 से जुड़ा है। इसमें अपराधियों ने बिजली मीटर अपडेट करने के नाम पर पीड़ित के मोबाइल फोन तक पहुंच बनाई और उसके बैंक खाते से 56 हजार 100 रुपये की अवैध निकासी कर ली।

इस मामले में पुलिस ने हुगली निवासी आंचल चटर्जी को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी ने फर्जी तरीके से मोबाइल एक्सेस प्राप्त कर बैंक खाते से रकम निकाली थी।

विशेष टीम ने की कार्रवाई

दोनों मामलों की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष जांच टीम गठित की गई थी। टीम ने तकनीकी विश्लेषण और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पश्चिम बंगाल में कार्रवाई कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

साइबर थाना के डीएसपी सह थानाध्यक्ष नीतीश चंद्र धारिया ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

लोगों से सतर्क रहने की अपील

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि डिजिटल अरेस्ट, केवाईसी अपडेट, बिजली मीटर सत्यापन, बैंक खाते या अन्य सरकारी सेवाओं के नाम पर आने वाले अनजान कॉल, मैसेज और लिंक पर भरोसा न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी साइबर थाने से संपर्क करें।

पुलिस का कहना है कि साइबर ठग लगातार नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को निशाना बना रहे हैं, इसलिए सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है।

Read More News

झारखंड अग्निशमन सेवा को मिली 58 आधुनिक मिनी टेंडर गाड़ियां, सीएम हेमंत सोरेन ने दिखाई हरी झंडी

झारखंड अग्निशमन सेवा में 58 आधुनिक मिनी टेंडर वाटर विथ मिस्ट टेक्नोलॉजी वाहन शामिल। मुख्यमंत्री...

Read More