पाकुड़ में बारातियों से भरी बस पलटी, दो की मौत, 50 से अधिक घायल

NEWS SAGA DESK

पाकुड़ :- जिले के आमडापाड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। सिंगारसी-आमडापाड़ा मुख्य सड़क पर मालीपाड़ा ढलान के समीप बारातियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 50 से अधिक लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बारात सुंदरपहाड़ी क्षेत्र से लौट रही थी। इसी दौरान मालीपाड़ा गांव के पास ढलान पर बस चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे बस सड़क किनारे पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि बस में सवार कई बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए।

दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर पुलिस और राहत दल भी मौके पर पहुंचे तथा घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने का कार्य शुरू किया गया।

दो लोगों की मौके पर मौत

हादसे में परियारदाहा, महेशपुर निवासी 64 वर्षीय आलेन मुर्मू, पिता बजार मुर्मू तथा 16 वर्षीय राजेश टुडू, पिता मुंशी टुडू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं 50 से अधिक घायल बारातियों को एंबुलेंस और अन्य वाहनों की सहायता से विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

चिकित्सकों के अनुसार कई घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जिनका इलाज जारी है।

जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही आमडापाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में बस के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

Read More News

जनता दरबार में दिखी मानवीय संवेदना, डीसी ने दिव्यांग युवक की समस्या का किया तत्काल समाधान

जामताड़ा समाहरणालय में आयोजित जनता दरबार के दौरान प्रशासनिक संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण की एक...

आंदोलनकारियों के मुख्यमंत्री आवास घेराव के कारण रांची में यातायात डायवर्ट, कांके रोड पर वैकल्पिक मार्ग व निर्देश

रांची में आंदोलनकारियों के मुख्यमंत्री आवास घेराव व धरना-प्रदर्शन के चलते प्रमुख मार्गों पर यातायात...

Read More