चोरी के आरोप में युवक को दी गई अमानवीय सजा, खौलते गोबर के पानी में डलवाए हाथ

NEWS SAGA DESK

रांची :- झारखंड के ग्रामीण इलाकों में अंधविश्वास की जड़ें आज भी गहरी हैं। राजधानी रांची के निकट नरकोपी थाना क्षेत्र से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने मानवता को झकझोर कर रख दिया है। यहां 20 हजार रुपये चोरी करने के आरोप में एक युवक को कथित तौर पर खौलते गोबर मिश्रित पानी में हाथ डालने के लिए मजबूर किया गया, जिससे उसके दोनों हाथ गंभीर रूप से झुलस गए।

जानकारी के अनुसार, घटना नरकोपी थाना क्षेत्र के सरवा गांव की है। गांव निवासी 18 वर्षीय अनूप उरांव पर उसके पड़ोसी ने 20 हजार रुपये चोरी करने का आरोप लगाया था। अनूप ने आरोपों को खारिज करते हुए खुद को निर्दोष बताया, लेकिन आरोप लगाने वाले व्यक्ति ने सच्चाई की जांच के नाम पर अंधविश्वास का सहारा लिया।

ग्रामीणों के अनुसार, गांव में चोरी का पता लगाने के लिए पानी और गोबर को मिलाकर उबालने की एक कथित प्रथा प्रचलित है। इसी के तहत अनूप के दोनों हाथ खौलते गोबर मिश्रित पानी में डलवा दिए गए। इस दौरान युवक दर्द से चीखता रहा, लेकिन उसकी बात नहीं सुनी गई। कुछ ही देर में उसके दोनों हाथ बुरी तरह झुलस गए।

गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में उपचार जारी

घटना के बाद परिजनों ने घायल अनूप को उपचार के लिए रांची के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। परिजनों के अनुसार, झुलसने के कारण उसके दोनों हाथ गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए हैं और कुछ उंगलियां भी प्रभावित हुई हैं।

मां ने दर्ज कराई प्राथमिकी

घटना के बाद ग्रामीणों के समझाने पर अनूप की मां सुमी उरांव ने नरकोपी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि गोबर मिश्रित उबलते पानी में हाथ डलवाने से उनके बेटे के दोनों हाथ गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

पुलिस ने इस मामले में कांड संख्या 14/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आरोपी फरार, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

नरकोपी थाना प्रभारी शैलेन्द्र ने बताया कि घटना के बाद आरोपी फरार हो गए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में व्याप्त अंधविश्वास और उसके दुष्परिणामों को उजागर किया है। पुलिस और प्रशासन लोगों से अंधविश्वास से दूर रहने तथा किसी भी विवाद का समाधान कानूनी प्रक्रिया के तहत करने की अपील कर रहे हैं।

Read More News

जनता दरबार में दिखी मानवीय संवेदना, डीसी ने दिव्यांग युवक की समस्या का किया तत्काल समाधान

जामताड़ा समाहरणालय में आयोजित जनता दरबार के दौरान प्रशासनिक संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण की एक...

आंदोलनकारियों के मुख्यमंत्री आवास घेराव के कारण रांची में यातायात डायवर्ट, कांके रोड पर वैकल्पिक मार्ग व निर्देश

रांची में आंदोलनकारियों के मुख्यमंत्री आवास घेराव व धरना-प्रदर्शन के चलते प्रमुख मार्गों पर यातायात...

Read More