नाबालिग लड़की लापता, घर से 20 लाख के गहने और 3 लाख रुपये नकद गायब

NEWS SAGA DESK
रांची :
राजधानी के सदर थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय एक नाबालिग लड़की के लापता होने का मामला सामने आया है। परिजनों के अनुसार युवती कुछ दिन पहले किसी जरूरी काम का हवाला देकर घर से निकली थी, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बावजूद कोई सुराग नहीं मिलने पर परिवार ने सदर थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई है।

मामले की जांच के दौरान परिजनों को घर में रखे कीमती सामान के गायब होने की भी जानकारी मिली। बताया गया कि घर के एक कमरे में रखी अलमारी का ताला टूटा हुआ मिला। जांच करने पर पता चला कि अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी भी गायब हैं।

परिजनों का दावा है कि घर से करीब 20 लाख रुपये मूल्य के गहने और लगभग 3 लाख रुपये नकद गायब हुए हैं। घटना के बाद परिवार की चिंता और बढ़ गई है।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि बिहार के गया जिले का एक युवक नाबालिग के संपर्क में था और उससे लगातार बातचीत करता था। परिवार का कहना है कि युवक अक्सर फोन पर बात करता था और युवती पर मिलने का दबाव भी बनाता था।

पुलिस ने गुमशुदगी के साथ-साथ घर से गायब गहनों और नकदी के मामले को भी गंभीरता से लिया है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। मोबाइल कॉल डिटेल, संभावित ठिकानों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर नाबालिग की तलाश जारी है।

पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने लाने का प्रयास किया जाएगा। फिलहाल नाबालिग की सुरक्षित बरामदगी पुलिस की प्राथमिकता बनी हुई है।

Read More News

त्योहार से पहले मंईयांओं को बड़ा तोहफा, इन 2 जिलों की महिलाओं के खाते में पहुंची सम्मान राशि

मंईयां सम्मान योजना की लाभुक महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। त्योहारों के बीच झारखंड सरकार...

Read More