News Saga Desk
पटना/विराटनगर:पटना के चर्चित ज्ञान बिंदु कोचिंग सेंटर के निदेशक रौशन आनंद के छोटे भाई प्रिंस कुमार यादव की नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार, शुभचिंतकों और स्थानीय लोगों में शोक और चिंता का माहौल है। वहीं मामले ने राजनीतिक स्वरूप भी लेना शुरू कर दिया है। पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने इस मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
बताया जा रहा है कि प्रिंस यादव हाल के दिनों में पटना के चर्चित कोचिंग विवाद के कारण चर्चा में थे। उनका नाम भी उस मामले में सामने आया था, जिसके बाद वे सार्वजनिक रूप से कम दिखाई दे रहे थे। इस बीच नेपाल में उनकी अचानक मौत की खबर आने से कई सवाल खड़े हो गए हैं।
मृत्यु की सूचना मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। रौशन आनंद पहले से ही पटना में दर्ज एक मामले के सिलसिले में न्यायिक प्रक्रिया का सामना कर रहे हैं। ऐसे में परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। स्थानीय लोगों और छात्रों ने भी इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
नेपाल पुलिस और संबंधित एजेंसियां मौत के कारणों की जांच कर रही हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह प्राकृतिक मौत थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। फिलहाल परिजनों और समर्थकों की नजर जांच एजेंसियों की रिपोर्ट पर टिकी हुई है।
No Comment! Be the first one.