NEWS SAGA DESK
फिरोजाबाद :- उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में थाना अरांव क्षेत्र स्थित बैंक ऑफ इंडिया की भरौल शाखा में करोड़ों रुपये के गोल्ड पैकेट गबन मामले में पुलिस ने शुक्रवार को चार और आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में शाखा प्रबंधक समेत तीन आरोपितों को एक दिन पहले जेल भेजा जा चुका है। अब तक कुल सात लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
थाना प्रभारी ऋषि कुमार ने बताया कि पुलिस ने वांछित आरोपित राहुल, भानु प्रताप सिंह, अंकुर और ऋषभ को चौहान ढाबा के पास से गिरफ्तार किया। सभी आरोपित शिकोहाबाद और इटावा क्षेत्र के निवासी हैं। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
उल्लेखनीय है कि बैंक ऑफ इंडिया की भरौल शाखा से ग्राहकों के सोने के 96 पैकेट गायब होने का मामला बुधवार को सामने आया था। बैंक की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार शाखा के स्टाफ सदस्य और मुख्य चाबी धारक दिलीप कुमार 27 मई से बिना सूचना के अनुपस्थित था, जिसके कारण तिजोरी से संबंधित कार्य प्रभावित हो रहे थे। संपर्क न होने पर बैंक प्रबंधन को संदेह हुआ और मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी गई।
इसके बाद 15 जून को वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में डुप्लीकेट चाबी से तिजोरी खोली गई। जांच के दौरान तिजोरी में रखे 96 गोल्ड पैकेट कम पाए गए। मामले में बैंक के आंचलिक कार्यालय के मुख्य प्रबंधक आदित्य प्रताप सिंह की तहरीर पर तत्कालीन शाखा प्रबंधक संदीप यादव, स्टाफ अधिकारी दिलीप कुमार और नरेश कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
पुलिस ने गुरुवार को इन तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। शुक्रवार को चार और आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद मामले में गिरफ्तार लोगों की संख्या सात हो गई है।
हालांकि, मामले में अब भी गोल्ड पैकेटों के कुल वजन और वास्तविक कीमत को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। बैंक प्रबंधन ने प्राथमिकी में केवल 96 पैकेट गायब होने का उल्लेख किया है, जबकि उनकी मात्रा और मूल्य के संबंध में आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। पुलिस भी फिलहाल बरामद अथवा गायब सोने के वजन और कीमत के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे सकी है। मामले की जांच जारी है।
No Comment! Be the first one.