NEWS SAGA DESK
अररिया :- अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर फिट इंडिया मूवमेंट के तहत जिला प्रशासन की ओर से खेल भवन में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम “योगा फॉर हेल्दी एजिंग” रही, जिसके माध्यम से स्वस्थ, सक्रिय और संतुलित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी विनोद दूहन के नेतृत्व में विभिन्न विभागों के अधिकारी, प्रबुद्धजन, युवा और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सामूहिक योग सत्र के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास कराया गया। योग प्रशिक्षकों ने नियमित योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी देते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी विनोद दूहन ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य विरासत है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाती है। उन्होंने कहा कि योग केवल एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ और अनुशासित जीवन जीने की सतत प्रक्रिया है। नियमित योगाभ्यास से तनाव कम होता है, कार्यक्षमता बढ़ती है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
डीएम ने जिलेवासियों, विशेषकर युवाओं से अपने दैनिक जीवन में योग को शामिल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा नशे जैसी कुरीतियों से दूर रहें और योग को अपनाकर अररिया को नशामुक्त जिला बनाने में सहयोग करें।
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी रही। सभी ने योग को स्वस्थ जीवन की आधारशिला बताते हुए इसे नियमित रूप से अपनाने का संकल्प लिया।
No Comment! Be the first one.