आजादी उत्सव की तैयारियों को लेकर बैठक, 9 से 15 अगस्त तक होंगे विविध कार्यक्रम

NEWS SAGA DESK

भागलपुर :- सामाजिक-सांस्कृतिक संस्था जनप्रिय भागलपुर के परबत्ती स्थित कार्यालय में आगामी आजादी उत्सव की तैयारियों को लेकर बुधवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष संजय कुमार ने की, जबकि संचालन सचिव गौतम कुमार ने किया।

बैठक में सचिव गौतम कुमार ने बताया कि आजादी उत्सव का आयोजन पिछले कई वर्षों से भागलपुर के विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में किया जाता रहा है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी 9 अगस्त से 15 अगस्त तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रमों की रूपरेखा के अनुसार 9 अगस्त को शहीद सम्मान यात्रा, 11 अगस्त को क्विज एवं चित्रकला प्रतियोगिता, 13 अगस्त को संगोष्ठी एवं पुरस्कार वितरण समारोह, 14 अगस्त को सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा 15 अगस्त को झंडोत्तोलन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

बैठक को संबोधित करते हुए महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. मनोज कुमार ने कहा कि आजादी उत्सव युवा पीढ़ी में राष्ट्रीय मूल्यों को विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने स्थानीय मंजूषा कला को उत्सव से जोड़ने और बच्चों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने पर बल दिया।

स्नातकोत्तर गांधी विचार विभाग के प्राध्यापक डॉ. उमेश नीरज ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास और उसके मूल्यों से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने महात्मा गांधी के विचारों और अगस्त क्रांति के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

संस्था के अध्यक्ष संजय कुमार ने कहा कि आजादी उत्सव केवल सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज के सभी वर्गों को जोड़ने और स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का साझा मंच है।

बैठक में प्रो. मनोज कुमार, डॉ. उमेश नीरज, डॉ. जयंत जलद, रेखा कुमारी, रागिनी कुमारी, पिंकी देवी, साधना देवी, श्रवण कुमार सहनी, टारजन कुमार, सागर शर्मा, गौतम कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

Read More News

पूर्व केंद्रीय मंत्री दिग्विजय सिंह की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम, मुख्यमंत्री हुए शामिल

पटना | पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं बांका के पूर्व सांसद दिग्विजय सिंह की 16वीं पुण्यतिथि के अवसर पर...

अलनीनो प्रभावित जिलों के किसानों के लिए विशेष राहत पैकेज की मांग, उर्वरक आपूर्ति बढ़ाने का आग्रह

झारखंड की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने अलनीनो के संभावित प्रभाव से...

Read More