NEWS SAGA DESK
रातभर चले जुलूस में युवाओं ने लाठी, तलवार और पारंपरिक हथियारों के खेल का किया प्रदर्शन, सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन रहा पूरी तरह मुस्तैद।
पलामू: मुहर्रम की सातवीं तारीख के अवसर पर मेदनीनगर में मंगलवार देर रात से बुधवार सुबह तक भव्य जुलूस निकाला गया। जुलूस के दौरान पूरा शहर “या हसन-या हुसैन” के नारों से गूंज उठा और अकीदतमंदों ने इमाम हुसैन की याद में श्रद्धा और सम्मान प्रकट किया।
शहर के पहाड़ी मोहल्ला स्थित कर्बला से मुहर्रम इंतजामिया कमेटी के जनरल खलीफा जीशान खान के नेतृत्व में देर रात जुलूस की शुरुआत हुई। जुलूस में शामिल युवाओं ने जगह-जगह लाठी, तलवार तथा अन्य पारंपरिक हथियारों के खेल का प्रदर्शन कर लोगों का ध्यान आकर्षित किया। पारंपरिक करतबों और अनुशासित प्रदर्शन ने जुलूस को विशेष स्वरूप प्रदान किया।
जुलूस कर्बला से निकलकर शाह मोहल्ला, कन्नी राम चौक, सत्तार सेठ चौक, विष्णु मंदिर रोड, चावल पट्टी, महावीर मंदिर रोड, घड़ा पट्टी, जैन मंदिर रोड और पंच मुहान होते हुए थाना परिसर पहुंचा। यहां विभिन्न दलों द्वारा खेल और करतबों का प्रदर्शन किया गया। इसके बाद जुलूस लाल कोठा, गीता भवन, शहीद भगत सिंह चौक, सत्तार सेठ चौक और कन्नी राम चौक होते हुए पुनः कर्बला पहुंचा, जहां इसका समापन हुआ।
इस अवसर पर कुंड मोहल्ला, कांजी हाउस मोहल्ला, झोपड़पट्टी, राहत नगर, हुसैन नगर, पहाड़ी मोहल्ला, मुस्लिम नगर, शाह मोहल्ला, कसाव मोहल्ला, धोबी मोहल्ला और शास्त्री नगर सहित कई क्षेत्रों के लोग अपने-अपने निशान के साथ जुलूस में शामिल हुए। कार्यक्रम का समापन बुधवार सुबह लगभग 10 बजे हुआ।

वहीं, शाने हुसैन कमेटी द्वारा नावाटोली और बेलवाटिका में, मिल्लत-ए-आजाद कमेटी द्वारा सुदना में तथा नवजवान हुसैनिया कमेटी द्वारा बैरिया में भी सातवीं का जुलूस निकाला गया। इसके अलावा कर्बला हुसैन कमेटी, केजीएन कमेटी, जन्नत-ए-हुसैन कमेटी, मिल्लत इस्लामिया हुसैन कमेटी, हैदर-ए-करार कमेटी और इस्लामिया हवारी कमेटी ने भी निशान एवं बाजे-गाजे के साथ जुलूस निकालकर मुहर्रम की सातवीं को अकीदत और श्रद्धा के साथ मनाया।
जुलूस के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद रहा। विभिन्न मार्गों पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
इसे भी देखें :https://www.youtube.com/live/dMYosvJvKQU?si=KFtUoQr1KWjh2MTK
जुलूस को सफल बनाने में अंजुमन इस्लाहुल मुस्लेमीन कमेटी के जिला सदर मुस्तफा कमाल, पूर्व जनरल आफताब आलम, आसिफ राइन उर्फ मोनू, सोनू शाह, पिंटू इराकी, शहरयार अली, इमामुद्दीन खान, कमाल खान, मोहम्मद कलाम, नेयाज अहमद, राजा अशरफी, मनु रिजवान, जफर महबूब, मिट्ठू खान, दानिश कुरैशी, हाजी ललन, शाहबाज आलम, चिंटू कुरैशी, लड्डू अंसारी, बंटी, शाहिद मिस्त्री, अलाउद्दीन राइन सहित बड़ी संख्या में हुसैनी भाई मौजूद रहे।
No Comment! Be the first one.