जमुई एनकाउंटर: मुख्य आरोपी नंदन यादव समेत 5 गिरफ्तार

NEWS SAGA DESK

जमुई में नाबालिग छात्रा से बदसलूकी का वायरल वीडियो मामले में पुलिस का बड़ा एक्शन। मुठभेड़ में मुख्य आरोपी नंदन यादव घायल, कुल 5 आरोपी पकड़ाए। पढ़ें पूरी खबर।

बिहार के जमुई जिले में एक नाबालिग छात्रा से बदसलूकी और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने त्वरित और कड़ी कार्रवाई की है। जमुई पुलिस ने इस घटना में शामिल मुख्य आरोपी नंदन यादव को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई के दौरान आरोपी द्वारा की गई फायरिंग के जवाब में पुलिस की गोली से मुख्य आरोपी घायल हो गया, जिसे पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में अब तक तीन नाबालिगों समेत कुल 5 आरोपियों को पकड़ा जा चुका है।

बिहार के जमुई जिले में एक नाबालिग छात्रा से बदसलूकी

एसपी विश्वजीत दयाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी जानकारी

जमुई के पुलिस अधीक्षक (SP) विश्वजीत दयाल ने मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया। एसपी ने बताया कि 21 सितंबर को नाबालिग छात्रा से अभद्रता से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने की सूचना मिली थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। पुलिस ने सोमवार को सबसे पहले तीन नाबालिग आरोपियों को पकड़ा, जिनसे मिली जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपियों तक पहुंचने का रास्ता साफ हुआ।

नदी किनारे से गिरफ्तारी और पुलिस पर फायरिंग

मंगलवार को पुलिस टीम को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी नंदन यादव और उसका साथी हरेराम यादव सदर थाना क्षेत्र के प्रतापपुर गांव के समीप नदी किनारे छिपे हुए हैं। पुलिस टीम को देखते ही एक युवक भागने लगा, जिसे खदेड़कर पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम हरेराम यादव बताया और भागने के दौरान गिर जाने से उसके पैर में चोट आई थी।

हरेराम की निशानदेही पर जब पुलिस नंदन यादव को पकड़ने आगे बढ़ी, तो उसने पुलिस टीम को निशाना बनाते हुए गोली चला दी। आत्मरक्षार्थ पुलिस की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई में एक राउंड गोली चलाई गई, जो नंदन यादव के दाहिने पैर में लगी। घायल नंदन को इलाज के लिए जमुई सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वीडियो वायरल करने वालों पर भी शिकंजा

एसपी ने बताया कि पीड़िता की पहचान उजागर करने और वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने के जुर्म में अलग से कार्रवाई की गई है। रामाशीष चौधरी नामक व्यक्ति द्वारा इस वीडियो को फैलाया गया था। वीडियो बनाने और इसे प्रसारित करने के आरोप में तीन अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

बालू और शराब के अवैध कारोबार से भी जुड़े हैं तार

पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि गिरफ्तार मुख्य आरोपी नंदन यादव और हरेराम यादव का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वे अवैध बालू व शराब कारोबार में संलिप्त रहे हैं। एसपी ने आश्वस्त किया कि घटना के सभी बिंदुओं की गहराई से जांच की जा रही है और इसमें शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

Read More News

राज्यपाल संतोष गंगवार ने विदेशी छात्रों से किया संवाद, भारत की शिक्षा परंपरा का किया उल्लेख

झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने रांची में ICCR छात्रवृत्ति कार्यक्रम के 36 विदेशी विद्यार्थियों...

Read More