अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस पर खेल उत्सव का आयोजन, क्रॉस कंट्री रेस में मांगु ईचागुटू और प्रतिका महतो बने चैंपियन

NEWS SAGA DESK

पश्चिमी सिंहभूम में आयोजित आठ किलोमीटर क्रॉस कंट्री दौड़ में 96 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा, विजेताओं को नगद पुरस्कार, ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित।

चाईबासा: अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर पश्चिमी सिंहभूम जिला ओलंपिक संघ तथा झारखंड सरकार के पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को बिरसा मुंडा इंडोर स्टेडियम परिसर में भव्य खेल उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत आयोजित महिला एवं पुरुष वर्ग की क्रॉस कंट्री रेस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 96 खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

खेल उत्सव के दौरान आयोजित लगभग आठ किलोमीटर लंबी क्रॉस कंट्री दौड़ में खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। पुरुष वर्ग में मांगु ईचागुटू ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया। भीमो चन्दन दूसरे स्थान पर रहे, जबकि बिंदराय पुरती तीसरे स्थान पर रहे। सेलाय सुण्डी और मथियस सुण्डी ने क्रमशः चौथा और पांचवां स्थान हासिल किया।

महिला वर्ग की दौड़ भी बेहद रोमांचक रही। प्रतिका महतो ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान पर कब्जा जमाया। पिंकी देवगम दूसरे, शीला बानरा तीसरे, सोनामुनी लागुरी चौथे और प्रीति तियु पांचवें स्थान पर रहीं।

प्रतियोगिता के समापन पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में प्रशिक्षु आईएएस ईरा जोरवाल, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टुटी, जिला खेल पदाधिकारी मरकस हेम्ब्रम, जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष नितिन प्रकाश और महासचिव अजय कुमार नायक ने विजेता खिलाड़ियों को नगद पुरस्कार, ट्रॉफी, टी-शर्ट एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान खिलाड़ियों को भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हुए खेलों के माध्यम से स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

आयोजकों ने बताया कि ओलंपिक दिवस सप्ताह के तहत जिले में खेल गतिविधियां लगातार जारी रहेंगी। 25 जून को चक्रधरपुर में बॉक्सिंग, 26 जून को चाईबासा में कराटे तथा 27 जून को चक्रधरपुर में जिम्नास्टिक और ताइक्वांडो प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसी दिन ओलंपिक दिवस सप्ताह का समापन समारोह भी आयोजित होगा।

इसे भी देखें:https://youtu.be/Z3NZJojL0hU?si=nEDdEcSufRqsOBSS

कार्यक्रम के सफल संचालन में तकनीकी पदाधिकारियों, खेलकर्मियों और स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन समिति ने सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने, ओलंपिक मूल्यों के प्रचार-प्रसार और ग्रामीण-शहरी प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Read More News

मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के 262 चयनित अभ्यर्थियों को सौंपे नियुक्ति पत्र, ईमानदारी से काम करने की दी नसीहत

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड मंत्रालय स्थित प्रोजेक्ट भवन के सभागार में स्वास्थ्य विभाग के...

अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस पर खेल उत्सव का आयोजन, क्रॉस कंट्री रेस में मांगु ईचागुटू और प्रतिका महतो बने चैंपियन

अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर पश्चिमी सिंहभूम जिला ओलंपिक संघ तथा झारखंड सरकार के पर्यटन,...

मुहर्रम की सातवीं पर मेदनीनगर में निकला भव्य जुलूस, ‘या हसन-या हुसैन’ के नारों से गूंजा शहर

मुहर्रम की सातवीं तारीख के अवसर पर मेदनीनगर में मंगलवार देर रात से बुधवार सुबह तक भव्य जुलूस निकाला...

Read More