NEWS SAGA DESK
जमशेदपुर के चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड में शुक्रवार को एक बड़ी खबर सामने आयी है. मामले के मुख्य नामजद आरोपियों में शामिल राहुल दुबे ने दोपहर करीब 1 बजे बिष्टुपुर थाना पहुंचकर पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राहुल ने थाना परिसर में हाथ उठाकर सरेंडर किया।
पुलिस काफी समय से राहुल दुबे की तलाश में जुटी हुई थी। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही थी। इसी बीच उसने खुद थाने पहुंचकर पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। आत्मसमर्पण के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस राहुल दुबे से हत्या की पूरी साजिश, वारदात में शामिल अन्य लोगों और घटना से जुड़े सभी पहलुओं पर जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है। जांच एजेंसियां उसके बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई कर सकती हैं।
हालांकि, राहुल दुबे के सरेंडर को लेकर पुलिस अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। माना जा रहा है कि पूछताछ और जांच की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस पूरे मामले को लेकर विस्तृत जानकारी साझा करेगी।
गौरतलब है कि हिमांशु सिंह हत्याकांड में पुलिस अब तक बार संचालक नीरज सिंह समेत 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। ऐसे में राहुल दुबे का आत्मसमर्पण मामले की जांच में एक अहम कड़ी माना जा रहा है और पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ से घटना से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्यों का खुलासा हो सकता है।
No Comment! Be the first one.