ऑपरेशन प्रहार: पलामू पुलिस ने 954 ग्राम अफीम और 48.2 किलो डोडा जब्त, हरियाणा के तस्कर समेत 5 गिरफ्तार

NEWS SAGA DESK

पलामू पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत 954 ग्राम अफीम, 48.2 किलो डोडा, कार, बाइक और नकदी बरामद की। हरियाणा के चर्चित तस्कर समेत पांच आरोपित गिरफ्तार, बरामद माल की कीमत करीब 12 लाख रुपये।

झारखंड के पलामू जिले में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शनिवार को मेदिनीनगर सदर और पांकी थाना क्षेत्र में अलग-अलग कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 954 ग्राम अफीम, 48.2 किलोग्राम डोडा, 15,450 रुपये नकद, एक कार और एक बाइक बरामद की। इस दौरान हरियाणा के एक चर्चित तस्कर समेत कुल पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, बरामद मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब 12 लाख रुपये है।

पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने बताया कि जिले में नशे के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार रात पांकी थाना क्षेत्र के झरहा पुल के पास एंटी-क्राइम चेकिंग अभियान के दौरान हरियाणा नंबर की एक टोयोटा इटियॉस कार को रोककर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान कार से चार बोरों में रखे 48.2 किलोग्राम डोडा और 230 ग्राम अफीम बरामद हुई। मौके से कार चालक प्रगट सिंह, निवासी सिरसा (हरियाणा), को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान मिले अहम सुराग के आधार पर पुलिस ने तरहसी थाना क्षेत्र के जमुना सोनपुरा गांव में छापेमारी कर कथित मादक पदार्थ कारोबारी आसीम आलम उर्फ बिड्डू को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि प्रगट सिंह पहले भी हरियाणा और पंजाब में एनडीपीएस एक्ट तथा आर्म्स एक्ट के कई मामलों में जेल जा चुका है। जेल में ही उसकी मुलाकात आसीम आलम उर्फ बिड्डू से हुई थी। वहीं दोनों के बीच नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री का नेटवर्क तैयार करने की योजना बनी, जिसे बाद में अमलीजामा पहनाया गया।

यह भी देखें :-https://youtu.be/6dfAxhGwwfs?si=_Bvtn1d9C0DzJudx

इसी दिन पुलिस ने दूसरी बड़ी कार्रवाई मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र में की। गुप्त सूचना मिलने पर सिंगराखुर्द स्थित दरहा बाबा के पास फोरलेन पर वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान काले रंग की बाइक पर सवार तीन युवकों को रोककर तलाशी ली गई। उनके पास मौजूद पिट्ठू बैग से 724 ग्राम अफीम बरामद हुई।

गिरफ्तार युवकों की पहचान आदित्य कुमार (20), नितिश कुमार (20) और रौशन कुमार (22) के रूप में हुई है। पूछताछ में तीनों ने बताया कि उन्हें अफीम की खेप एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने के लिए पांच-पांच हजार रुपये देने का वादा किया गया था। पैसे के लालच में वे पड़वा क्षेत्र से अफीम लेकर शहर थाना क्षेत्र के सुदना में डिलीवरी देने जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने समय रहते उन्हें पकड़ लिया।

पुलिस ने सभी पांच आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस तस्करी नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं तथा नशीले पदार्थों की आपूर्ति कहां से हो रही थी और किन क्षेत्रों तक की जा रही थी।

इस कार्रवाई में सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी, सहायक अवर निरीक्षक नबी अंसारी, लेस्लीगंज एसडीपीओ प्रशांत कुमार, पुलिस निरीक्षक जीत राम महली, पांकी थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह समेत कई पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।

पलामू पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य नशे के अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करना और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना है।

Read More News

जमशेदपुर में 11 अगस्त से होगा इमेज क्राफ्ट एक्सपो, फोटोग्राफी एक्सपो के पोस्टर का हुआ विमोचन

फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के क्षेत्र में नई तकनीकों तथा आधुनिक उपकरणों से स्थानीय फोटोग्राफरों को...

उलीडीह में चोरों का आतंक: टीचर कॉलोनी डिमना रोड की 10 दुकानों में लाखों की चोरी, पुलिस जांच में जुटी

पूर्वी सिंहभूम के उलीडीह थाना क्षेत्र में चोरों ने दो रातों में 10 दुकानों को निशाना बनाया। किराना,...

जमशेदपुर में करंट से मजदूर की मौत: सरयू राय और विकास सिंह ने दोषियों पर कार्रवाई व मुआवजे की मांग की

जमशेदपुर में करंट से मजदूर की मौत मामले में सरयू राय और विकास सिंह ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए...

Read More