रांची में तांत्रिक के मर्डर का खुलासा, पुलिस ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार

NEWS SAGA DESK

रांची के सिमोन नगर में तांत्रिक रमेश ठाकुर हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया। तीन आरोपी गिरफ्तार, हत्या के बाद जेवर लूटने का भी आरोप।

रांची में तांत्रिक के मर्डर का पुलिस ने किया खुलासा

रांची में तांत्रिक के मर्डर मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह मामला राजधानी रांची के कोकर स्थित खोरहाटोली के सिमोन नगर का है, जहां 22 जुलाई की देर रात न्यू तपोवन कॉलोनी निवासी रमेश ठाकुर की हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने जांच के बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया।

रांची में तांत्रिक के मर्डर

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान डोरंडा के मिलन चौक, पोखरटोली निवासी अमित चौधरी, मातृका आश्रम स्थित श्रीजन बिल्डकॉन निवासी निरंजन स्वांसी उर्फ नीरज (मूल निवासी अड़की, खूंटी) और चर्च रोड स्थित काली स्थान निवासी सचिन कुमार गुप्ता (मूल निवासी खूंटी) के रूप में हुई है।

तांत्रिक क्रिया के नाम पर शोषण का आरोप

सिटी एसपी पारस राणा के अनुसार, रमेश ठाकुर ओझा-गुनी और तांत्रिक क्रियाओं से जुड़े कार्य करता था। जांच में सामने आया कि उसकी कई युवकों से इसी दौरान पहचान हुई थी।

पुलिस का आरोप है कि वह परिचित युवकों को देर रात अपने घर बुलाता था और तांत्रिक क्रिया के नाम पर उनका कथित रूप से अप्राकृतिक यौन शोषण करता था। उन्हें यह विश्वास दिलाया जाता था कि विशेष तांत्रिक प्रक्रिया का पालन करने पर ‘परी’ प्रकट होगी और धन की प्राप्ति होगी।

इसी दौरान तीनों आरोपियों का भी रमेश ठाकुर से संपर्क हुआ। पुलिस के अनुसार, लंबे समय तक उसकी बातों पर भरोसा करने के बावजूद जब उन्हें कोई परिणाम नहीं मिला, तो उनके मन में नाराजगी बढ़ती गई।

हत्या की पहले से बनाई थी योजना

पुलिस जांच के मुताबिक, घटना वाले दिन तीनों आरोपियों ने योजना बनाई कि यदि इस बार भी कथित तांत्रिक क्रिया का कोई परिणाम नहीं निकला तो वे रमेश ठाकुर की हत्या कर देंगे।

तीनों आरोपी बाइक से उसके घर पहुंचे। पुलिस का कहना है कि कथित तांत्रिक क्रिया के दौरान फिर वही घटनाक्रम हुआ। इसके बाद आरोपियों ने पहले पिस्टल से गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन गोली लक्ष्य पर नहीं लगी।

जब फायरिंग से हत्या नहीं हो सकी तो आरोपियों ने पास में रखे प्लास (पिलास) से रमेश ठाकुर के सिर पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद जेवर लूटकर हुए फरार

पुलिस के अनुसार, हत्या करने के बाद आरोपी मृतक के शरीर पर मौजूद आभूषण भी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।

मामले में मृतक के पुत्र आकाश ठाकुर के आवेदन पर 22 जुलाई को सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। हत्या की सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस और एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। शुरुआती जांच में हत्या के पीछे व्यक्तिगत रंजिश और लूट दोनों पहलुओं पर जांच की गई। बाद में पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।

इसे भी देखें...धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा! 36 दिन के आंदोलन ने सरकार को झुकाया? | Jantar Mantar Protest

इलाके में फैली सनसनी

इस हत्याकांड ने राजधानी रांची में तांत्रिक गतिविधियों और उनसे जुड़े कथित शोषण के आरोपों को लेकर नई चर्चा शुरू कर दी है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच जारी है।

Read More News

Read More