94वें वायुसेना दिवस पर वीर जवानों को नमन, राष्ट्रपति-पीएम ने दी शुभकामनाएं

NEWS SAGA DESK

94वें भारतीय वायुसेना दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत देश के प्रमुख नेताओं ने एयर वॉरियर्स और उनके परिवारों को बधाई दी।

भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना दिवस के अवसर पर देश भर में उत्साह का माहौल है। इस गौरवशाली अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत देश के शीर्ष राजनीतिक नेतृत्व ने भारतीय वायुसेना (IAF) के वायु योद्धाओं, पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। नेताओं ने देश की सीमाओं की सुरक्षा और मानवीय आपदाओं में वायुसेना के अतुलनीय योगदान और शौर्य को नमन किया।

 94वें स्थापना दिवस के

राष्ट्रपति मुर्मु ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के साहस को सराहा

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर अपने संदेश में वायुसेना के अनुशासन और उत्कृष्टता के उच्च मानकों की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारतीय वायुसेना ने अपनी कुशलता, सटीकता और तैयारी के दम पर देश की बेहतरीन सेवा की है।

राष्ट्रपति ने विशेष रूप से ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का उल्लेख करते हुए कहा कि इस ऑपरेशन ने देश की सुरक्षा सुनिश्चित करने में हमारे एयर वॉरियर्स के साहस और ऑपरेशनल तत्परता को साबित किया है। उन्होंने प्राकृतिक आपदाओं के दौरान वायुसेना द्वारा चलाए जाने वाले राहत अभियानों की भी प्रशंसा की।

पीएम मोदी बोले: अब डेटा और ड्रोन से दुश्मन को छका रही वायुसेना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक विशेष वीडियो संदेश साझा करते हुए कहा कि भारतीय वायुसेना ने आसमान में अपनी शक्ति का प्रदर्शन कर हर देशवासी को सुरक्षा का अटूट एहसास कराया है। उन्होंने कहा कि बीते दशक में वायुसेना को दुनिया की श्रेष्ठ तकनीक और आधुनिक संसाधनों से लैस किया गया है।

पीएम मोदी ने कहा, “भारत की वायुसेना अब केवल पारंपरिक हथियारों से ही नहीं, बल्कि डेटा, ड्रोन और अत्याधुनिक तकनीक से भी दुश्मन को छकाने में माहिर हो चुकी है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का एक-एक क्षण भारतीय सेनाओं के अदम्य सामर्थ्य और पराक्रम की गवाही देता है।”रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने वायुसेना को साहस, वीरता और पेशेवर रवैये का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि वायु योद्धाओं ने हमेशा अटूट संकल्प के साथ देश के आसमान की रक्षा की है और संकट की हर घड़ी में सबसे आगे खड़े रहे हैं। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने एयर वॉरियर्स की सराहना करते हुए कहा कि ये ऐसे असली बहादुर योद्धा हैं, जिनकी अजेय क्षमता, सटीक निशाने और मारक क्षमता की गवाही धरती से लेकर अंतरिक्ष में मौजूद सैटेलाइट तक देते हैं। उन्होंने कहा कि इनकी देशभक्ति और पेशेवर क्षमता आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करती रहेगी।

Read More News

Read More