हजारीबाग विधायक के घर के बाहर कैमरा लगाने का प्रयास, सुरक्षा को लेकर जताई चिंता

हजारीबाग विधायक प्रदीप प्रसाद ने घर के बाहर कैमरा लगाने और रेकी का दावा किया है। उन्होंने उच्चस्तरीय जांच और परिवार की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की।

News Saga Desk

हजारीबाग। हजारीबाग विधायक प्रदीप प्रसाद ने अपने और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है। विधायक के अनुसार, 2 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 2 बजे आनंदपुरी कॉलोनी स्थित उनके निजी आवास के बाहर दो व्यक्ति हाई-रिजॉल्यूशन, वाई-फाई और नाइट-विजन सुविधा वाले आधुनिक निगरानी कैमरे लगाने का प्रयास कर रहे थे। संदिग्ध गतिविधि को देखते हुए स्थानीय लोगों और विधायक के सहयोगियों ने दोनों व्यक्तियों को रोककर पूछताछ की और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया।

विधायक प्रदीप प्रसाद का दावा है कि पिछले तीन-चार दिनों से उनकी और उनके परिवार की कथित तौर पर रेकी भी की जा रही थी। उन्होंने कहा कि उनकी अनुपस्थिति में आवास के बाहर निगरानी उपकरण लगाने का प्रयास सामान्य घटना नहीं, बल्कि गंभीर सुरक्षा चिंता का विषय है।

पूछताछ में बयान बदलने का विधायक का दावा

प्रदीप प्रसाद के मुताबिक, पकड़े गए दोनों व्यक्तियों से करीब एक घंटे तक पूछताछ की गई। इस दौरान उनके बयानों में लगातार विरोधाभास सामने आया। विधायक का दावा है कि दोनों व्यक्तियों ने 20 से अधिक बार अपने बयान बदले या अपने पूर्व बयानों से पलटे।

विधायक ने कहा कि इन विरोधाभासी बयानों से पूरे घटनाक्रम की वास्तविक मंशा और इसके पीछे किसी अन्य व्यक्ति या समूह की संभावित भूमिका को लेकर संदेह पैदा होता है। उन्होंने पूरे मामले की गहन जांच की मांग की है।

परिवार की सुरक्षा को लेकर जताई आशंका

विधायक ने कहा कि वह पिछले तीन-चार दिनों से अपने आवास से बाहर हैं। ऐसे में उनकी अनुपस्थिति के दौरान घर के बाहर आधुनिक निगरानी उपकरण लगाए जाने का प्रयास चिंता का विषय है। उन्होंने आशंका जताई कि इसके पीछे कोई सुनियोजित आपराधिक गतिविधि या षड्यंत्र हो सकता है।

प्रदीप प्रसाद के अनुसार, यदि पूरे मामले के पीछे आपराधिक मंशा सामने आती है तो इससे उनके जीवन, परिवार की सुरक्षा और उनके सार्वजनिक दायित्वों पर खतरा उत्पन्न हो सकता है।

विधानसभा अध्यक्ष को लिखा पत्र

मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक प्रदीप प्रसाद ने झारखंड विधानसभा के अध्यक्ष को पत्र लिखकर पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय, निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराने की मांग की है। साथ ही उन्होंने अपने और अपने परिवार की सुरक्षा तत्काल बढ़ाने का आग्रह किया है।

विधायक ने संबंधित अधिकारियों से उनके आवास और आसपास की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने तथा मुख्य द्वार और परिसर में अतिरिक्त सुरक्षा बल या सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की मांग की है।

सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच की मांग

प्रदीप प्रसाद ने पिछले तीन-चार दिनों की सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच कराने की मांग की है। इसके अलावा पकड़े गए दोनों व्यक्तियों के संपर्कों, उन्हें निर्देश देने वाले लोगों और उनके वास्तविक उद्देश्य का पता लगाने की भी मांग की गई है।

उन्होंने कैमरे और उससे जुड़े उपकरणों की तकनीकी जांच के साथ साइबर विशेषज्ञों और विधि-विज्ञान विशेषज्ञों की मदद लेने का आग्रह किया है। विधायक ने कहा कि यदि जांच में किसी व्यक्ति की आपराधिक भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जानी चाहिए।

विधायक बोले- घटना से पहले सुरक्षा जरूरी

प्रदीप प्रसाद ने कहा कि सुरक्षा किसी अप्रिय घटना के बाद नहीं, बल्कि उससे पहले सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने संभावित खतरे को शुरुआती स्तर पर ही गंभीरता से लेने और उसकी जांच एवं रोकथाम की जरूरत बताई।

उन्होंने कहा कि वह सार्वजनिक और जनसेवा से जुड़े दायित्वों का निर्वहन करते हैं। ऐसे में उन्हें और उनके परिवार को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण मिलना जरूरी है, ताकि वह बिना किसी भय या दबाव के अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।

Read More News

Read More