जेएसएससी परीक्षा 2026 को लेकर रांची के तीन केंद्रों के 200 मीटर दायरे में निषेधाज्ञा लागू की गई है। जानें परीक्षा केंद्र, तारीख और प्रतिबंधों की पूरी जानकारी।
रांची में होने वाली जेएसएससी परीक्षा 2026 को कदाचार मुक्त और शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। कर्मचारी चयन आयोग की कम्बाइंड हिन्दी ट्रांस्लेटर एंड स्टेनोग्राफी ग्रेड-सी एंड डी एग्जामिनेशन 2026 के मद्देनजर शहर के तीन परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू की गई है।

रांची सदर के अनुमंडल दंडाधिकारी कुमार रजत ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत गुरुवार को इस संबंध में आदेश जारी किया। प्रशासन का उद्देश्य परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था, भीड़ या अनुचित गतिविधि को रोकना है।
इन तीन केंद्रों पर होगी परीक्षा
जेएसएससी परीक्षा 2026 के लिए रांची में तीन परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें आईडीयल इंटरनेशनल स्कूल, दलादिली, कैप्सटन टेक ऑनलाइन एग्जामिनेशन सेंटर, कांके और कैम्ब्रिज इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, टाटीसिलवे शामिल हैं।
परीक्षा 9 से 12 सितंबर के बीच तीन पालियों में आयोजित की जाएगी। परीक्षार्थियों को अपने निर्धारित केंद्र पर समय से पहुंचने और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
200 मीटर के दायरे में क्या रहेगा प्रतिबंधित?
प्रशासनिक आदेश के अनुसार, परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर की परिधि में पांच या उससे अधिक लोगों के एक स्थान पर एकत्र होने पर रोक रहेगी। इसके अलावा ध्वनि विस्तारक यंत्रों के इस्तेमाल पर भी प्रतिबंध रहेगा।
जेएसएससी परीक्षा 2026 के दौरान परीक्षा केंद्रों के आसपास किसी भी तरह की बैठक या आमसभा आयोजित नहीं की जा सकेगी। अस्त्र-शस्त्र अथवा हरवे-हथियार लेकर चलने पर भी रोक रहेगी।
इन प्रतिबंधों का मकसद परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ और ऐसी गतिविधियों को रोकना है, जिससे परीक्षा संचालन प्रभावित हो सकता है।
इसे भी देखें…रांची में गठबंधन का प्रतिनिधिमंडल मुख्य सचिव से मिला | अराजकता फैलाने वालों पर कार्रवाई की मांग
इन तारीखों और समय में लागू रहेगा आदेश
प्रशासन की ओर से जारी आदेश में अलग-अलग दिनों के लिए निषेधाज्ञा की समय सीमा निर्धारित की गई है। आदेश के अनुसार:
- 8 सितंबर: सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक।
- 9 सितंबर: सुबह 5 बजे से रात 9:30 बजे तक।
- 11 सितंबर: सुबह 4:30 बजे से रात 10:30 बजे तक।
- 12 सितंबर: सुबह 4:30 बजे से रात 10:30 बजे तक।
परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को इन समय सीमाओं को ध्यान में रखते हुए अपने आवागमन की योजना बनाने की जरूरत होगी।
No Comment! Be the first one.