करम पर्व के मौके पर वार्ड संख्या-14 में जरूरतमंद परिवारों के लिए जनकल्याण से जुड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया। वार्ड पार्षद श्रीमती अंजू देवी की पहल पर वार्ड के जरूरतमंद भाई-बहनों को आवास योजना का लाभ उपलब्ध कराया गया
NEWS SAGA DESK:
रांची में करम पर्व के मौके पर वार्ड संख्या-14 में जरूरतमंद परिवारों के लिए जनकल्याण से जुड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया। वार्ड पार्षद अंजू देवी की पहल पर वार्ड के जरूरतमंद भाई-बहनों को आवास योजना का लाभ उपलब्ध कराया गया। इस दौरान पार्षद ने लाभुकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जरूरतमंद परिवारों को सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना जनसेवा का अहम हिस्सा है।

अंजू देवी ने कहा कि करम पर्व सिर्फ भाई-बहन के स्नेह का पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति आस्था, सामाजिक एकजुटता और आपसी भाईचारे का भी संदेश देता है। झारखंड की लोक संस्कृति में इस पर्व का विशेष महत्व है और यह लोगों को प्रकृति के संरक्षण के साथ मिल-जुलकर रहने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि करम पर्व की भावना हमें प्रकृति और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का संदेश देती है। समाज के हर वर्ग के सहयोग से ही क्षेत्र का समग्र विकास संभव है। इसी सोच के साथ वार्ड के विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के साथ जरूरतमंद लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।

पार्षद ने कहा कि गरीब, वंचित और जरूरतमंद परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें बेहतर जीवन की सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
कार्यक्रम में राज कुमार महतो, सूरज मुंडा, उदय कुमार, रवि गोप, मनोज गोप, गुल्लू गोप, भूपेंद्र नायक, रूपेश केशरी, राधेश्याम केशरी और संजय साहू समेत बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।
No Comment! Be the first one.