बैंक हड़ताल के चलते केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों की सितंबर 2026 की सैलरी व पेंशन 25 सितंबर को जारी होगी। जानें सरकार के निर्देश और वजह।
News Saga Desk
नई दिल्ली। केंद्रीय कर्मचारियों की सैलरी इस महीने सामान्य समय से पहले जारी की जाएगी। 28 से 30 सितंबर 2026 तक प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल को देखते हुए केंद्र सरकार ने सितंबर महीने के वेतन, मजदूरी और पेंशन का भुगतान 25 सितंबर को करने का निर्देश दिया है। वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग की ओर से 23 सितंबर को जारी कार्यालय ज्ञापन में मंत्रालयों और विभागों को निर्धारित समय से पहले भुगतान की प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया है।
सरकार का यह फैसला बैंकिंग लेनदेन में संभावित व्यवधान से बचने के लिए लिया गया है। प्रस्तावित हड़ताल के दौरान बैंक शाखाओं में कामकाज प्रभावित होने की आशंका है। ऐसे में केंद्रीय कर्मचारियों की सैलरी और पेंशन के भुगतान में किसी तरह की देरी न हो, इसके लिए अग्रिम भुगतान की व्यवस्था की गई है।
25 सितंबर को मिलेगा सितंबर का वेतन
वित्त मंत्रालय के निर्देश के मुताबिक केंद्र सरकार के कर्मचारियों के सितंबर 2026 के वेतन और मजदूरी को 25 सितंबर, शुक्रवार को ही निकाला और वितरित किया जा सकता है। यही व्यवस्था केंद्रीय सरकार के पेंशनभोगियों की सितंबर की पेंशन पर भी लागू होगी। रक्षा, डाक और दूरसंचार सहित केंद्रीय सरकारी कार्यालयों के कर्मचारियों को भी इस व्यवस्था के दायरे में रखा गया है।

इसका मतलब है कि केंद्रीय कर्मचारियों की सैलरी सामान्य भुगतान चक्र से पहले उनके खातों में पहुंच सकती है। सरकार ने यह कदम केवल कर्मचारियों की सुविधा के लिए नहीं, बल्कि संभावित बैंकिंग व्यवधान के दौरान भुगतान व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया है।
बैंक हड़ताल क्यों हो रही है?
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। बैंक यूनियनों की प्रमुख मांगों में पांच कार्यदिवस वाला बैंकिंग सप्ताह लागू करना शामिल है। वार्ता और सुलह प्रक्रिया में ठोस प्रगति नहीं होने के बाद UFBU ने हड़ताल जारी रखने की बात कही है।
बैंक यूनियनों की मांगों में अन्य श्रम और सेवा संबंधी मुद्दे भी शामिल हैं। सरकार और बैंक प्रबंधन की ओर से हड़ताल टालने की अपील की गई है, जबकि यूनियनों ने अपनी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया है।
इसे भी देखे- Railway में 12वीं पास के लिए 1688 पद! RRB NTPC भर्ती का बड़ा अपडेट
बैंकिंग सेवाओं पर पड़ सकता है असर
28 से 30 सितंबर के बीच हड़ताल के कारण बैंक शाखाओं में कई सेवाएं प्रभावित होने की संभावना है। इसके अलावा 26 सितंबर को महीने का दूसरा शनिवार और 27 सितंबर को रविवार होने के कारण शाखा-आधारित सेवाओं पर लगातार कई दिनों तक असर पड़ सकता है। कुछ बैंकों ने ग्राहकों को जरूरी काम पहले पूरा करने की सलाह भी दी है।
हालांकि डिजिटल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई और एटीएम जैसी सेवाएं उपलब्ध रहने की संभावना है। सेवा की उपलब्धता बैंक और संबंधित सुविधा के आधार पर अलग-अलग हो सकती है। इसलिए ग्राहकों को जरूरी लेनदेन के लिए संबंधित बैंक की आधिकारिक सूचना पर ध्यान देने की सलाह दी गई है।
No Comment! Be the first one.