जमशेदपुर के मरीन ड्राइव पर हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाली 18 वर्षीय तृषा सिंह का पार्थिव शरीर रांची स्थित उनके आवास पहुंचा। बेटी को अंतिम बार देखकर मां और झारखंड की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह भावुक हो उठीं। हादसे में तृषा समेत चार युवाओं की मौत हुई थी। परिवार के मुताबिक, तृषा का अंतिम संस्कार रांची में किया जाएगा।
NEWS SAGA DESK:
जमशेदपुर के मरीन ड्राइव पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में जान गंवाने वाली 18 वर्षीय तृषा सिंह का पार्थिव शरीर गुरुवार को रांची स्थित उनके आवास पहुंचा। बेटी के अंतिम दर्शन होते ही उनकी मां और झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह खुद को संभाल नहीं सकीं। बेटी को सामने देखकर वह भावुक हो गईं और फूट-फूटकर रोने लगीं। घर का माहौल बेहद गमगीन हो गया।

तृषा सिंह समेत चार युवाओं की गुरुवार तड़के जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में मौत हो गई थी। यह दुर्घटना दोमुहानी के पास करीब तीन बजे हुई। पुलिस के मुताबिक, सड़क किनारे खराब हालत में खड़े एक ट्रेलर में पीछे से कार की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चारों युवाओं की जान चली गई।
तृषा के अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे लोग
तृषा का पार्थिव शरीर रांची स्थित मंत्री के आवास पहुंचने की जानकारी मिलते ही वहां लोगों की भीड़ जुटने लगी। परिवार के सदस्यों के अलावा मंत्री, विधायक, शुभचिंतक और परिचित भी शोक जताने और परिवार को ढांढस देने पहुंचे।
तृषा कार्मेल जूनियर कॉलेज में 12वीं कक्षा की छात्रा थीं। इस हादसे में उनके साथ सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता और वंशिका खंडेलवाल की भी मौत हुई है। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।
रांची में होगी अंतिम विदाई
परिजनों के अनुसार तृषा सिंह का अंतिम संस्कार रांची में किया जाएगा। बेटी को अंतिम विदाई देने की तैयारियों के बीच परिवार में गम का माहौल है। मां दीपिका पांडेय सिंह समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
तृषा के निधन की खबर सामने आने के बाद राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े कई लोगों ने परिवार के प्रति संवेदना जताई है और दिवंगत युवाओं की आत्मा की शांति की कामना की है।
No Comment! Be the first one.