शिक्षक बनने का सपना होगा पूरा! झारखंड में 6101 पदों पर निकली भर्ती

झारखंड में सरकारी शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण अवसर सामने आया है। राज्य के सरकारी स्कूलों में कुल 6101 शिक्षक पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

NEWS SAGA DESK:

झारखंड में सरकारी शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण अवसर सामने आया है। राज्य के सरकारी स्कूलों में कुल 6101 शिक्षक पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) के तहत भर्ती परीक्षा के लिए नोटिफिकेशन जारी करते हुए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं।

इस भर्ती अभियान के जरिए प्राथमिक और उच्च प्राथमिक कक्षाओं के लिए शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। आवेदन करने की अंतिम तारीख 18 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। भर्ती में कक्षा 1 से 5 तक के लिए इंटरमीडिएट प्रशिक्षित सहायक आचार्य के 1,909 पद शामिल हैं। वहीं, कक्षा 6 से 8 तक के लिए 4,192 पद निर्धारित किए गए हैं। इनमें भाषा, गणित-विज्ञान और सामाजिक विज्ञान जैसे विषयों के पद शामिल हैं।

कौन कर सकता है आवेदन?

प्राथमिक कक्षाओं के पदों के लिए अभ्यर्थी का इंटरमीडिएट उत्तीर्ण होने के साथ डीएलएड या समकक्ष प्रशिक्षण हासिल करना जरूरी है। इसके अलावा प्राथमिक स्तर की शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी JTET या CTET पास होना भी अनिवार्य है। कक्षा 6 से 8 के पदों के लिए संबंधित विषय में स्नातक डिग्री और बीएड की योग्यता निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों को उच्च प्राथमिक स्तर की शिक्षक पात्रता परीक्षा भी उत्तीर्ण करनी होगी।

उम्र और आवेदन शुल्क

आयु की गणना 1 अगस्त 2026 को आधार मानकर की जाएगी। उम्मीदवारों की न्यूनतम उम्र 18 वर्ष और अधिकतम उम्र 35 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट मिल सकती है। आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 100 रुपये, जबकि एससी और एसटी वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 50 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।

कब तक पूरा करना होगा आवेदन?

उम्मीदवारों को 18 अक्टूबर 2026 तक आवेदन और शुल्क भुगतान की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करने के लिए 22 अक्टूबर 2026 तक का समय दिया गया है। यदि आवेदन पत्र में किसी तरह की गलती रह जाती है, तो अभ्यर्थियों को सुधार का अवसर भी मिलेगा। इसके लिए 23 और 24 अक्टूबर 2026 को करेक्शन विंडो उपलब्ध रहेगी।

ऐसे में शिक्षक भर्ती की तैयारी कर रहे योग्य अभ्यर्थियों के लिए यह भर्ती महत्वपूर्ण अवसर है। आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को आधिकारिक नोटिफिकेशन में दी गई शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण और अन्य शर्तों को ध्यान से देखना चाहिए।

Read More News

Read More