नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ के मुंबई स्थित सेट पर भीषण आग लग गई। गोरेगांव फिल्म सिटी में हुए इस हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई। जांच जारी है।
मुंबई: बॉलीवुड के जाने-माने निर्देशक नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ के सेट से एक चौंकाने वाली और चिंताजनक खबर सामने आ रही है। मुंबई के गोरेगांव स्थित ‘फिल्म सिटी’ में बने फिल्म के भव्य सेट पर अचानक आग लग गई। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और तस्वीरों में सेट के आसपास आग की भयानक लपटें और धुएं का काला गुबार उठता दिखाई दे रहा है, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

फिल्म सिने एसोसिएशन के प्रेसिडेंट बीएन तिवारी ने इस खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि गोरेगांव स्थित फिल्म सिटी में बने ‘रामायण’ के सेट पर यह हादसा हुआ है। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी भी व्यक्ति के घायल होने या किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
दो दिन पहले ही भेजा गया था चेतावनी पत्र
सामने आई जानकारी के मुताबिक, इस इलाके में आग लगने की यह पहली घटना नहीं है। इससे लगभग 10 दिन पहले भी रॉयल पाम इलाके में आग लगने का एक मामला सामने आया था। इसी को ध्यान में रखते हुए महज दो दिन पहले ही फायर ऑफिसर को चेतावनी पत्र (Warning Letter) जारी किया गया था।
लापरवाही बरतने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
एसोसिएशन और संबंधित अधिकारियों ने बार-बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद दोबारा ऐसा हादसा होने पर गहरा दुख और नाराजगी व्यक्त की है। अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा मानकों में लापरवाही बरतने के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल स्थानीय प्रशासन और पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आग लगने की मुख्य वजह क्या थी और जिस समय यह हादसा हुआ, क्या उस वक्त सेट पर शूटिंग चल रही थी या नहीं।
No Comment! Be the first one.