रांची में आज से खुलेंगे प्रमुख दुर्गा पूजा पंडालों के पट, भारी वाहनों की एंट्री पर रोक

राजधानी रांची में दुर्गापूजा का उत्साह चरम पर पहुंचने लगा है। शहर के प्रमुख पूजा पंडाल श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए तैयार हो रहे हैं। इस बार कहीं देश के प्रसिद्ध मंदिरों की वास्तुकला देखने को मिलेगी

NEWS SAGA DESK

राजधानी रांची में दुर्गापूजा का उत्साह चरम पर पहुंचने लगा है। शहर के प्रमुख पूजा पंडाल श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए तैयार हो रहे हैं। इस बार कहीं देश के प्रसिद्ध मंदिरों की वास्तुकला देखने को मिलेगी, तो कहीं महाभारत के प्रसंग और पुराने ग्रामीण जीवन की झलक लोगों को आकर्षित करेगी। भव्य सजावट और अनोखी थीम के बीच श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ट्रैफिक पुलिस ने भी विशेष व्यवस्था की है।

कहीं स्वर्वेद महामंदिर, तो कहीं बृहदेश्वर मंदिर की झलक

जिला स्कूल परिसर में श्री रामलला दुर्गा पूजा समिति ने वाराणसी के निकट स्थित स्वर्वेद महामंदिर की तर्ज पर पंडाल तैयार किया है। इसकी अनुमानित लागत करीब 1.25 करोड़ रुपये बताई गई है। वहीं, बकरी बाजार में भारतीय युवक संघ का पंडाल तमिलनाडु के प्रसिद्ध बृहदेश्वर मंदिर की शैली में बनाया गया है। लगभग एक करोड़ रुपये की लागत वाले इस पंडाल में सुनहरी सजावट खास आकर्षण होगी। मोरहाबादी में गीतांजलि क्लब ने वेल्लोर के लक्ष्मी नारायण मंदिर की तर्ज पर पंडाल बनाया है। समिति अपने 50वें स्थापना वर्ष के अवसर पर विशेष आयोजन कर रही है। इस पंडाल पर करीब 51 लाख रुपये खर्च किए गए हैं।

महाभारत के प्रसंग और ग्रामीण संस्कृति भी बनेंगे आकर्षण

सेवा सदन रोड स्थित राजस्थान मित्र मंडल के पंडाल में महाभारत की घटनाओं को चलंत दृश्यों के जरिए दिखाया जाएगा। यहां द्रौपदी चीरहरण और अर्जुन के मछली की आंख पर निशाना साधने जैसे प्रसंग देखने को मिलेंगे। इसकी लागत लगभग 35 लाख रुपये है। रेलवे स्टेशन के पास बने पंडाल में भगवान विष्णु के वामन अवतार और ओणम पर्व की झलक मिलेगी। मेन रोड स्थित बांग्ला स्कूल परिसर में ओसीसी क्लब ने शिला कैलाश की थीम चुनी है, जबकि चंद्रशेखर आजाद पूजा समिति का पंडाल गुजरात के द्वारिकाधीश मंदिर की शैली में तैयार किया गया है।

सुभाष चौक पर ग्रामीण जीवन और पुरानी संस्कृति को दर्शाने की तैयारी है। यहां बग्गी, पालकी, डीजल ट्रेन, बाइस्कोप और हावड़ा ब्रिज जैसी झलकियां देखने को मिलेंगी। वहीं, अपर बाजार के बालकृष्णा स्कूल परिसर में ज्योति संगम दुर्गा पूजा समिति हस्तशिल्प कला पर आधारित पंडाल के जरिए अपनी कलात्मकता दिखाएगी।

दुर्गापूजा पर बदलेगा ट्रैफिक रूट

14 से 21 अक्टूबर तक प्रतिदिन सुबह 8 बजे से अगले दिन सुबह 4 बजे तक रांची के शहरी क्षेत्र में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। यातायात व्यवस्था संभालने के लिए 17 प्रमुख स्थानों पर बैरियर और शहर में 144 स्थानों पर ड्रॉप गेट लगाने की योजना है। दोपहर 3:30 बजे से अगले दिन सुबह 3 बजे तक छोटे वाहनों की आवाजाही भी निर्धारित रूट के अनुसार नियंत्रित होगी। इस दौरान मेन रोड के व्यस्त हिस्सों में निजी कार, ऑटो, ई-रिक्शा और छोटे मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। पिस्का मोड़ से न्यू मार्केट जाने वाले वाहन मीनाक्षी सिनेमा मोड़, पहाड़ी मंदिर और किशोरगंज होते हुए हरमू चौक की ओर जा सकेंगे। कांके रोड से आने वाले वाहन जाकिर हुसैन पार्क या रेडियम रोड का रास्ता अपना सकेंगे।

इन जगहों पर कर सकेंगे पार्किंग

श्रद्धालुओं के लिए सैनिक मार्केट, जीईएल चर्च कॉम्प्लेक्स, जिला स्कूल, बालकृष्णा स्कूल परिसर, साधु मैदान, राम लखन यादव कॉलेज परिसर, हरमू मैदान, बरियातू मैदान और सेंट जेवियर कॉलेज परिसर समेत कई स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। रेलवे पार्किंग, शहीद मैदान, बिरसा मुंडा संग्रहालय पार्किंग, अटल वेंडर मार्केट और नागाबाबा खटाल के पार्किंग स्थल भी निर्धारित किए गए हैं। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे पूजा पंडालों में जाने से पहले रूट प्लान की जानकारी लें और निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करें। इससे त्योहार के दौरान भीड़भाड़ कम करने और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने में मदद मिलेगी।

Read More News

मां रूपी सोरेन के श्राद्धकर्म में हेमंत सोरेन ने निभाई पारंपरिक रस्में, नेमरा में दी श्रद्धांजलि

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपनी दिवंगत माता स्वर्गीय रूपी सोरेन के श्राद्धकर्म के सातवें...

Read More