दिल्ली में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की पाबंदी के बावजूद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेताओं ने गेट फांदकर परिसर में प्रवेश किया। पुलिस ने सौरव दास और आशुतोष रांका समेत कई समर्थकों को हिरासत में ले लिया है। पढ़ें पूरी खबर।
राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शनों पर रोक के बावजूद मंगलवार को एक बड़ा नाटकीय घटनाक्रम देखने को मिला। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रमुख नेताओं सौरव दास (Sourav Das) और आशुतोष रांका (Ashutosh Ranka) ने अपने दर्जनों समर्थकों के साथ पुलिस को पूरी तरह चकमा देते हुए जंतर-मंतर परिसर के अंदर एंट्री कर ली। इतना ही नहीं, नेताओं ने सुरक्षा घेरे को पार करते हुए गेट फांदा और परिसर के भीतर जमकर नारेबाजी की। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

हालांकि, इस हंगामे के कुछ ही देर बाद हरकत में आई दिल्ली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों मुख्य नेताओं और उनके अन्य समर्थकों को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार, इस दौरान CJP कार्यकर्ता अजिंक्य शिंदे सहित कई अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया गया है।
जेडीयू कार्यालय की ओर से पहुंचे थे प्रदर्शनकारी
सामने आए वीडियो फुटेज और रिपोर्ट्स के मुताबिक, सीजेपी नेता सौरभ दास और आशुतोष रांका अपने साथियों के साथ जनता दल यूनाइटेड (JDU) कार्यालय की तरफ से जंतर-मंतर के पास पहुंचे थे। पाबंदी के बावजूद उन्होंने अचानक जंतर-मंतर के मुख्य गेट को लांघकर अंदर प्रवेश किया।
सीजेपी के मुख्य प्रवक्ता सौरभ दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस घटना का एक वीडियो भी शेयर किया है। वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि कैसे ये नेता और उनके समर्थक गेट फांदकर अंदर कूद रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने कैप्शन में लिखा— “जंतर-मंतर से हाथ हटाओ।”
‘इंकलाब जिंदाबाद’ के नारे और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग
जंतर-मंतर के अंदर घुसने के बाद CJP कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। वे लगातार ‘इंकलाब जिंदाबाद’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाते दिखे। नेता सौरभ दास ने दावा किया कि उन्होंने प्रशासन के प्रतिबंध को दरकिनार कर जंतर-मंतर को दोबारा हासिल कर लिया है। उन्होंने देश के युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि अगर युवा ठान लें, तो वे किसी भी पाबंदी को पार कर सकते हैं।
इस प्रदर्शन के दौरान CJP नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की और उनके इस्तीफे की मांग उठाई। उनका आरोप है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में भारी गड़बड़ियां की गई हैं।
जंतर-मंतर पर रोक के बाद नई जगहें तय
गौरतलब है कि दिल्ली पुलिस ने हाल ही में जंतर-मंतर को आधिकारिक प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटा दिया है। इसके विकल्प के रूप में राष्ट्रीय राजधानी में तीन नए स्थल तय किए गए हैं, जिनमें रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली का सीबीडी ग्राउंड शामिल हैं। पुलिस के इस आदेश के बाद से ही विभिन्न संगठनों और राजनीतिक दलों द्वारा विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। इससे पहले सोमवार को CJP के नेताओं ने पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन पहुंचकर जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति मांगी थी। संगठन ने पुलिस को 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया था कि यदि उन्हें प्रदर्शन की तारीख नहीं बताई गई, तो वे अपनी रणनीति के तहत कदम उठाएंगे और आखिरकार मंगलवार को उन्होंने यह कदम उठा लिया। फिलहाल पुलिस ने सभी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया है और मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
No Comment! Be the first one.