12वीं पास छात्रों के लिए मौका, CUJ में खाली सीटों पर एडमिशन के लिए आवेदन शुरू

झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय (CUJ) में चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिला लेने के इच्छुक छात्रों के लिए राहत भरी खबर है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में खाली रह गई सीटों को भरने के लिए विश्वविद्यालय विशेष राउंड और मॉप-अप काउंसलिंग आयोजित करने जा रहा है

NEWS SAGA DESK

झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय (CUJ) में चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिला लेने के इच्छुक छात्रों के लिए राहत भरी खबर है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में खाली रह गई सीटों को भरने के लिए विश्वविद्यालय विशेष राउंड और मॉप-अप काउंसलिंग आयोजित करने जा रहा है। इसके तहत इच्छुक अभ्यर्थी 13 से 19 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

इस पहल का उद्देश्य उन सीटों पर योग्य छात्रों को प्रवेश का अवसर देना है, जिनके लिए प्रतीक्षा सूची में अब कोई अभ्यर्थी उपलब्ध नहीं है। अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) के उम्मीदवारों के लिए विशेष राउंड आयोजित होगा, जबकि अन्य श्रेणियों के अभ्यर्थी मॉप-अप काउंसलिंग में हिस्सा ले सकेंगे।

विश्वविद्यालय के कार्यक्रम के अनुसार, आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की सूची 22 अक्टूबर को प्रकाशित की जाएगी। इसके अगले दिन यानी 23 अक्टूबर को सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों को इसी दिन ऑनलाइन माध्यम से प्रवेश शुल्क भी जमा करना होगा।

इस प्रवेश प्रक्रिया में मेरिट सूची 12वीं या समकक्ष परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर बनाई जाएगी। CUET (UG)-2026 में शामिल हुए छात्र भी संबंधित पाठ्यक्रम की निर्धारित पात्रता पूरी करने पर आवेदन कर सकते हैं। हालांकि, जो विद्यार्थी पहले ही किसी पाठ्यक्रम में दाखिला ले चुके हैं, वे इस प्रक्रिया में आवेदन नहीं कर सकेंगे। इसके अलावा, सुपरन्यूमेरेरी यानी निर्धारित संख्या से अतिरिक्त सीटों पर प्रवेश का विकल्प भी इस काउंसलिंग में उपलब्ध नहीं होगा।

आवेदन के लिए सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के अभ्यर्थियों को 250 रुपये शुल्क देना होगा। एससी और एसटी उम्मीदवारों के लिए यह राशि 150 रुपये निर्धारित की गई है। वहीं, दिव्यांग अभ्यर्थियों और सभी श्रेणियों की महिला उम्मीदवारों को 100 रुपये पंजीकरण सह काउंसलिंग शुल्क देना होगा। यह शुल्क वापस नहीं किया जाएगा। काउंसलिंग के दौरान अभ्यर्थियों को अपने जरूरी दस्तावेजों की मूल प्रति और छायाप्रति साथ लानी होगी। आरक्षण का लाभ लेने वाले उम्मीदवारों को भारत सरकार के निर्धारित प्रारूप में जारी वैध जाति प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।

Read More News

मां रूपी सोरेन के श्राद्धकर्म में हेमंत सोरेन ने निभाई पारंपरिक रस्में, नेमरा में दी श्रद्धांजलि

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपनी दिवंगत माता स्वर्गीय रूपी सोरेन के श्राद्धकर्म के सातवें...

Read More