रांची में टाइगर मोबाइल जवानों की नई तैनाती की तैयारी, अपराध नियंत्रण पर फोकस

राजधानी रांची में पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने के लिए टाइगर मोबाइल जवानों की तैनाती में बदलाव की तैयारी की जा रही है। लंबे समय से एक ही थाना क्षेत्र में ड्यूटी कर रहे जवानों को दूसरे इलाकों में भेजा जा सकता है।

NEWS SAGA DESK

राजधानी रांची में पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने के लिए टाइगर मोबाइल जवानों की तैनाती में बदलाव की तैयारी की जा रही है। लंबे समय से एक ही थाना क्षेत्र में ड्यूटी कर रहे जवानों को दूसरे इलाकों में भेजा जा सकता है। खास तौर पर करीब पांच साल या उससे अधिक समय से एक ही क्षेत्र में तैनात जवानों की ट्रांसफर-पोस्टिंग पर ध्यान दिया जा रहा है। रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने इस संबंध में निर्देश दिए हैं।

दरअसल, बुधवार को एसएसपी राकेश रंजन सुखदेवनगर थाना में आयोजित जन शिकायत समाधान कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने आम लोगों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। लोगों ने इलाके में पुलिसिंग की स्थिति, छोटी-मोटी आपराधिक घटनाओं, अड्डेबाजी, खुले में शराब पीने और नशे के बढ़ते प्रभाव को लेकर अपनी शिकायतें रखीं। जनता ने पुलिस की कार्रवाई के बावजूद जमीनी स्तर पर अपेक्षित सुधार नहीं होने की बात भी कही। शिकायतों को गंभीरता से सुनने के बाद एसएसपी ने पुलिसिंग में सुधार और अपराध पर नियंत्रण के लिए जरूरी कदम उठाने की बात कही।

लंबे समय तक एक जगह तैनाती पर जताई चिंता

एसएसपी राकेश रंजन के मुताबिक, पुलिस विभाग में समय-समय पर ट्रांसफर-पोस्टिंग होना सामान्य प्रक्रिया है। किसी पुलिसकर्मी के लंबे समय तक एक ही थाना क्षेत्र में तैनात रहने से वह वहां की परिस्थितियों और कार्यप्रणाली का आदी हो सकता है। ऐसे में जवानों की तैनाती में बदलाव करने से पुलिसिंग को नई दिशा देने और अपराध नियंत्रण में मदद मिल सकती है। इसी उद्देश्य से लंबे समय से एक ही क्षेत्र में तैनात टाइगर मोबाइल जवानों को दूसरे इलाकों में भेजने की तैयारी की जा रही है। इस कदम से अलग-अलग क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता बढ़ाने और स्थानीय समस्याओं पर बेहतर तरीके से काम करने की उम्मीद है।

थानों में लगातार हो रहे जन शिकायत समाधान कार्यक्रम

एसएसपी ने बताया कि रांची जिले के अलग-अलग थानों में जन शिकायत समाधान कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में वह सुखदेवनगर थाना पहुंचे थे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे और पुलिस व्यवस्था से जुड़ी शिकायतें सामने रखीं।

Read More News

Read More