झारखंड में सहायक कारापाल भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अहम खबर है। चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ के संभावित असर और रांची में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने दौड़ की निर्धारित तारीखों में बदलाव किया है।
NEWS SAGA DESK
झारखंड में सहायक कारापाल भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अहम खबर है। चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ के संभावित असर और रांची में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने दौड़ की निर्धारित तारीखों में बदलाव किया है। आयोग ने बुधवार को इस संबंध में आधिकारिक सूचना जारी की। नए कार्यक्रम के मुताबिक, अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में होने वाली दौड़ अब नवंबर में आयोजित की जाएगी।
अक्टूबर की जगह नवंबर में होगी दौड़
JSSC की ओर से जारी सूचना के अनुसार, रांची के डोरंडा स्थित जैप-1 ग्राउंड में 28, 29, 30 और 31 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाली दौड़ अब 18, 19, 20 और 21 नवंबर 2026 को होगी। मौसम की संभावित स्थिति को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है, ताकि भर्ती प्रक्रिया के दौरान किसी तरह की बाधा न आए और अभ्यर्थियों को भी परेशानी का सामना न करना पड़े।
एडमिट कार्ड दोबारा डाउनलोड करने की जरूरत नहीं
आयोग ने स्पष्ट किया है कि दौड़ की तारीखों में बदलाव के अलावा भर्ती परीक्षा के अन्य कार्यक्रम में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। जिन अभ्यर्थियों ने पहले ही अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर लिया है, उन्हें इसे दोबारा डाउनलोड करने की आवश्यकता नहीं है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे संशोधित तारीखों के अनुसार अपनी तैयारी जारी रखें। दौड़ में शामिल होने से पहले आयोग की ओर से जारी दिशा-निर्देशों को ध्यान से पढ़ना भी जरूरी है।
JSSC की वेबसाइट पर चेक करते रहें अपडेट
भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए अभ्यर्थियों को झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट jssc.jharkhand.gov.in नियमित रूप से चेक करते रहने की सलाह दी गई है। आयोग से संबंधित किसी भी अपडेट के लिए आधिकारिक सूचना को ही प्राथमिकता दें।
No Comment! Be the first one.